बैरा स्यूल परियोजना में दुनी चंद की बहाली को लेकर धरना दूसरे दिन भी जारी
बैरा स्यूल परियोजना में दुनी चंद की बहाली को लेकर धरना दूसरे दिन भी जारी बैरा स्यूल परियोजना, सुरंगानी में बैरा स्यूल प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (सीटू) के बैनर तले दुनी चंद की नौकरी की बहाली की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। आज के धरने में सीटू जिला अध्यक्ष नरेंद्र विरुद्ध विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक कर्मचारी की नहीं, बल्कि सभी मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने यूनियन के इस संघर्ष को जायज बताते हुए प्रबंधन से शीघ्र समाधान निकालने की मांग की। यूनियन ने दोहराया कि दुनी चंद को 58 वर्ष की आयु में नौकरी से हटाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है, जबकि सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष निर्धारित है। धरना-प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने एकजुटता दिखाते हुए नारेबाजी की और अपनी मांगों को मजबूती से रखा। यूनियन ने स्पष्ट किया कि जब तक दुनी चंद की नौकरी पुनः बहाल नहीं की जाती, तब तक धरना-प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।