डलहौजी के खैरी में संदिग्ध गुब्बारे से हड़कंप, “PIA” और पाकिस्तानी झंडे के निशान से बढ़ी चिंता
डलहौजी के खैरी में संदिग्ध गुब्बारे से हड़कंप, “PIA” और पाकिस्तानी झंडे के निशान से बढ़ी चिंता
खेतों में मिला गुब्बारा, पुलिस-सेना ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा; लोगों से सतर्क रहने की अपील
डलहौजी के खैरी क्षेत्र के चलाड़ी गांव के समीप खेतों में एक संदिग्ध गुब्बारा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गुब्बारे पर “PIA” लिखा होने के साथ उर्दू में कुछ शब्द और पाकिस्तान का झंडा बने होने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक ग्रामीण अपने मवेशी चराने के लिए खेतों की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर एक असामान्य गुब्बारे पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उस पर बने चिन्ह और लिखावट संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना गांव के पूर्व प्रधान को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व प्रधान ने तुरंत पुलिस थाना खैरी को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। संवेदनशीलता को देखते हुए भारतीय सेना को भी अलर्ट किया गया, क्योंकि यह इलाका जम्मू-कश्मीर सीमा से सटा हुआ है।
पुलिस और सेना के अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह गुब्बारा बच्चों के सामान्य खिलौने जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन उस पर लिखे “PIA” और अन्य चिन्हों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
सेना अधिकारियों के अनुसार गुब्बारे को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि इसके स्रोत और उद्देश्य का पता लगाया जा सके।
प्रशासन की अपील:
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसे छुएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें