अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में सामाजिक सेवा की नई पहल – जरूरतमंद बेटियों के सामूहिक विवाह का संकल्प
अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में सामाजिक सेवा की नई पहल – जरूरतमंद बेटियों के सामूहिक विवाह का संकल्प
बटाला : अविनाश शर्मा /
दैनिक प्रार्थना सभा की एक विशेष बैठक कौशल्या देवी आई हॉस्पिटल के परिसर में सभा के डायरेक्टर अशोक अग्रवाल जी की अध्यक्षता में भगवान के नाम का जाप करते हुए प्रारंभ हुई। बैठक की जानकारी देते हुए अशोक अग्रवाल ने संस्था की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि दैनिक प्रार्थना सभा ने समाज के कमजोर वर्ग की बेटियों के सामूहिक विवाह करवाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस संकल्प के तहत सबसे पहले दो बेटियों का विवाह 19 अप्रैल, अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर, दैनिक प्रार्थना सभा के कम्युनिटी हॉल खजूरी गेट में वैदिक सनातन रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा।
अशोक अग्रवाल ने आगे बताया कि विवाह के अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक वस्तुएं भी भेंट की जाएंगी, ताकि वे अपना जीवन सुखपूर्वक व्यतीत कर सकें। साथ ही उन्हें सनातन संस्कृति से जोड़ते हुए धर्म, संस्कृति और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि संस्था हर छह महीने बाद इस प्रकार के सामूहिक विवाह का आयोजन करेगी। अशोक अग्रवाल ने संपन्न परिवारों से अपील की कि वे इस पुण्य कार्य में आगे आकर संस्था का सहयोग करें और जरूरतमंद बेटियों के विवाह में अपना योगदान दें।
अंत में उन्होंने बटाला शहर के निवासियों से अनुरोध किया कि वे 19 अप्रैल को सुबह 10 बजे कम्युनिटी हॉल खजूरी गेट में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।
इस अवसर पर महासचिव देवेंद्र भनोट, वित्त मंत्री के.एल. गुप्ता, संयुक्त सचिव संदीप आजाद, प्रचार मंत्री राजेश शर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य रमेश सेठ, राजेंद्र त्रेहन, सुनील जुम्मन, राजीव होंडा, पंडित सोनू दीक्षित, गोपाल शर्मा और त्रिलोक कुमार उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें