संघर्ष से सफलता तक: मोहित कंदोरिया ने UGC NET पास कर रचा इतिहास
संघर्ष से सफलता तक: मोहित कंदोरिया ने UGC NET पास कर रचा इतिहास
माननीय विधायक भवानी सिंह पठानिया के प्रयासों से वर्ष 2023 में शुरू हुई M.A.History कक्षाओं का परिणाम—मोहित कंदोरिया ने यूजीसी नेट उत्तीर्ण कर रचा इतिहास
फतेहपुर : बलजीत ठाकुर /
जब संकल्प मजबूत हो, तो परिस्थितियाँ भी रास्ता देने लगती हैं।
न गरीबी, न शारीरिक दिव्यांगता और न ही संसाधनों की कमी—कुछ भी उस युवा को रोक नहीं सका, जिसने अपने सपनों को हकीकत में बदलने का साहस किया।
भवानी सिंह पठानिया के प्रयासों से वर्ष 2023 में वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी में इतिहास विषय की कक्षाएं शुरू हुईं।
इन्हीं कक्षाओं ने क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान किया।
इन्हीं अवसरों का लाभ उठाकर एक साधारण परिवार से आने वाले छात्र मोहित कंदोरिया ने असाधारण उपलब्धि हासिल की है।
इस पूरी यात्रा में इतिहास विभाग के सहायक प्रोफेसर अनिल शर्मा का मार्गदर्शन भी बेहद महत्वपूर्ण रहा, जिन्होंने मोहित को निरंतर प्रेरित किया।
आर्थिक तंगी के कारण मोहित शिमला जैसे बड़े शहर में पढ़ाई के लिए नहीं जा सकते थे, लेकिन स्थानीय स्तर पर शुरू हुई इन कक्षाओं और अनिल शर्मा के शैक्षणिक मार्गदर्शन ने उनके सपनों को नई दिशा दी।
मोहित, जो वर्तमान में MA इतिहास के विद्यार्थी हैं, ने बिना किसी कोचिंग के, सीमित संसाधनों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखी।
कॉलेज आना-जाना भी उनके लिए संघर्ष से भरा रहा, फिर भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
उनके पिता नरेंद्र कुमार, जो एक मेहनतकश मजदूर हैं, ने अपने बेटे की शिक्षा के लिए हर संभव त्याग किया।
चार वर्षों तक उन्होंने लगातार संघर्ष करते हुए बेटे को पढ़ाया—सुबह कॉलेज छोड़ना और शाम को वापस लाना उनकी दिनचर्या बन गई।
नरेंद्र कुमार भावुक होकर कहते हैं—
"पिछले तीन वर्षों में परिवार कैसे चला, यह केवल ईश्वर ही जानता है। लेकिन मेरी एक ही इच्छा थी कि मेरा बेटा यह साबित करे कि परिस्थितियाँ इंसान को नहीं रोक सकतीं।"
50% दिव्यांग होने के बावजूद मोहित ने हर चुनौती को अवसर में बदला और अपने लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ते रहे।
इस दौरान अनिल शर्मा का निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन उनके आत्मविश्वास को मजबूत करता रहा।
और आखिरकार, दिसंबर 2025 में मोहित कंदोरिया ने, जो उस समय MA History तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी थे, UGC NET December 2025 (इतिहास विषय) उत्तीर्ण कर असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए योग्यता प्राप्त कर ली।
अपनी इस सफलता का श्रेय मोहित ने अपने माता-पिता, माननीय विधायक भवानी सिंह पठानिया तथा सहायक प्रोफेसर अनिल शर्मा को दिया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें