हिमाचल दिवस पर मंडी के सेरी मंच पर भव्य आयोजन, विक्रमादित्य सिंह ने फहराया तिरंगा
हिमाचल दिवस पर मंडी के सेरी मंच पर भव्य आयोजन, विक्रमादित्य सिंह ने फहराया तिरंगा
मंडी : अजय सूर्या /
हिमाचल दिवस के अवसर पर मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला स्तरीय समारोह पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बुधवार सुबह 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली।
समारोह से पूर्व उन्होंने इंदिरा मार्केट स्थित संकन गार्डन में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने हिमाचल के निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को भी नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
अपने संबोधन में विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि युवा वर्ग प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण का संकल्प दोहराया। साथ ही उन्होंने पूर्व सरकार की आर्थिक नीतियों को प्रदेश की वर्तमान वित्तीय चुनौतियों के लिए जिम्मेदार ठहराया।
समारोह में पुलिस, गृह रक्षक, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और देशभक्ति का प्रदर्शन किया। इसके अलावा स्थानीय स्कूलों और संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिमाचली संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एक लघु नाटिका के माध्यम से जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें