सरकाघाट में सिया को न्याय दिलाने के लिए संगठनों का प्रदर्शन, नशा व अपराध के खिलाफ अभियान की घोषणा
सरकाघाट में सिया को न्याय दिलाने के लिए संगठनों का प्रदर्शन, नशा व अपराध के खिलाफ अभियान की घोषणा
सरकाघाट : अजय सूर्या /
सरकाघाट के गोपालपुर क्षेत्र के नैण गांव में हुए जघन्य हत्याकांड की शिकार बेटी सिया गुलेरिया को न्याय दिलाने के लिए मंगलवार को सरकाघाट पार्क में विभिन्न संगठनों द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दिवंगत सिया को श्रद्धांजलि अर्पित कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में छात्र संगठन एसएफआई, एबीवीपी, एनएसयूआई, व्यापार मंडल, जनवादी महिला समिति, हिमाचल ज्ञान-विज्ञान समिति, अमृता संस्था, वरिष्ठ नागरिक कल्याण सभा, सफाई मजदूर यूनियन, विश्व हिंदू परिषद, मशाल संस्था, महिला मंडल, मनरेगा मजदूर यूनियन और हिमाचल किसान सभा सहित दर्जनों संगठनों के सैकड़ों लोग शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर सिया को न्याय दिलाने और सरकाघाट क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि हत्यारे को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने, क्षेत्र में बढ़ते चिट्टे व अन्य नशे पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून लागू करने और नैण गांव के लिए बंद पड़ी बस सेवाओं को तुरंत बहाल करने की मांग भी उठाई गई।
सभा को माकपा के सचिव भूपेंद्र सिंह, एसएफआई के ऋत्विक, नेहा और दीपक, एबीवीपी के ऋषि पराशर, एनएसयूआई के अरमॉन कटवाल, ज्ञान-विज्ञान समिति के भोलादत्त कश्यप और सुनीता पटियाल, सीटू के करतार सिंह चौहान, अमृता संस्था की शोमा राणा, वरिष्ठ नागरिक मंच के कुलदीप गुलेरिया, व्यापार मंडल की स्मृति ठाकुर, मशाल संस्था की शांता देवी, विश्व हिंदू परिषद के प्रकाश ठाकुर, अधिवक्ता सुरेश शर्मा, जनवादी महिला समिति की वीना वैद्य व प्रोमिला, किसान सभा के दिनेश काकू व अनिल कुमार, तथा सफाई मजदूर यूनियन की कंचन गुलेरिया और रक्षा देवी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इससे पूर्व सुबह सिया के पैतृक गांव में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में विधायक दिलीप सिंह, एसडीएम राजेंद्र गौतम, डीएसपी संजीव गौतम, राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के सदस्य भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिला पार्षद मुनीश शर्मा, नागेंद्र गुलेरिया, तहसीलदार रमेश भारद्वाज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंत में सभी संगठनों ने भविष्य में भी इस तरह के मामलों में समन्वय बनाकर आवाज उठाने और क्षेत्र में नशे व अपराध के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें