“गारंटियां निकलीं खोखली, विकास ठप – सुलह के साथ विश्वासघात कर रही सुक्खू सरकार: विपिन सिंह परमार का तीखा हमला”
“गारंटियां निकलीं खोखली, विकास ठप – सुलह के साथ विश्वासघात कर रही सुक्खू सरकार: विपिन सिंह परमार का तीखा हमला”
पालमपुर
सुलह विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीते साढ़े तीन वर्षों में हिमाचल प्रदेश को विकास की राह से भटकाकर आर्थिक और प्रशासनिक अव्यवस्था की ओर धकेल दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार का पूरा कार्यकाल केवल झूठे वादों, खोखली घोषणाओं और जनता को गुमराह करने में ही व्यतीत हुआ है।
परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हर दिन नए-नए शगूफे छोड़कर प्रदेश की जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब प्रदेश की जागरूक जनता इनके झूठ और वास्तविकता के बीच के अंतर को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान दी गई तथाकथित “गारंटियां” आज भी अधूरी हैं और सरकार पूरी तरह से अपने वादों को निभाने में विफल साबित हुई है।
विपिन सिंह परमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही सुलह विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के समय शुरू किए गए विकास कार्यों की रफ्तार पूरी तरह थम गई है। जो परियोजनाएं पहले तीव्र गति से आगे बढ़ रही थीं, वे आज अधर में लटकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि सुलह क्षेत्र की जनता के साथ सीधा अन्याय है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। एक ओर सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर धरातल पर कोई ठोस कार्य नजर नहीं आता। परमार ने कहा कि प्रदेश की जनता अब इस “झूठ की राजनीति” से पूरी तरह ऊब चुकी है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।
विपिन सिंह परमार ने कहा, “मैं सुलह विधानसभा क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि जब प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पुनः सत्तारूढ़ होगी, तब विकास कार्यों को तिगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाया जाएगा। सुलह को एक आदर्श ‘सुलह मॉडल’ और विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाना मेरा संकल्प है, और इस दिशा में मैं हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हूं।”
उन्होंने कहा कि सुलह विधानसभा क्षेत्र के विकास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। परमार ने यह भी कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग के बल पर सुलह क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
विपिन सिंह परमार ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज हर वर्ग—चाहे वह किसान हो, युवा हो, कर्मचारी हो या व्यापारी—सरकार की नीतियों से निराश और परेशान है। बेरोजगारी, महंगाई और प्रशासनिक ढिलाई ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है, लेकिन सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल बयानबाजी में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता इस झूठी और फरेबी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एक मजबूत, पारदर्शी और विकासोन्मुखी सरकार बनाने का मन बना चुकी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें