नगर निगम पालमपुर को कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के दलदल में धकेला- त्रिलोक कपूर
नगर निगम पालमपुर को कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के दलदल में धकेला- त्रिलोक कपूर
लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक गिरने से स्पष्ट—कांग्रेस “महिला विरोधी” : त्रिलोक कपूर
भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने आज प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लाया गया महिला आरक्षण संबंधी विधेयक देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध कर अपनी महिला-विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।
कपूर ने कहा कि यदि भारत को “विकसित भारत” के लक्ष्य की ओर अग्रसर करना है, तो देश की आधी आबादी—महिलाओं—को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 16 से 18 अप्रैल के बीच चले संसदीय सत्र में इस विषय पर चर्चा हुई, किंतु विपक्ष के विरोध के चलते विधेयक पारित नहीं हो सका, जिससे उनकी मंशा स्पष्ट हो जाती है।
उन्होंने आगे कहा कि पालमपुर वीरों की भूमि है, जहां मेजर सोमनाथ शर्मा, कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन सौरभ कालिया तथा मेजर सुधीर वालिया जैसे वीरों ने जन्म लिया है, साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व में रहे मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री माननीय शांता कुमार का गृह क्षेत्र भी पालमपुर भी है और पालमपुर से ही अयोध्या राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया था।
भाजपा नेता कपूर ने कहा कि पालमपुर के समग्र विकास के लिए भाजपा नेतृत्व एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष पालमपुर को नगर निगम का दर्जा देने का प्रस्ताव रखा, जिसे भाजपा सरकार ने साकार किया परंतु पालमपुर का दुर्भाग्य यह रहा की कांग्रेस ने नगर निगम गठन को लेकर दुष्प्रचार किया गया और सत्ता में आने के बाद कांग्रेस अपने वादों पर खरी नहीं उतर पाई बल्कि कांग्रेस के पार्षद स्वयं ठेकेदार बनकर कार्य कर रहे हैं और जनता से किए गए वादे आज तक अधूरे हैं।
कपूर ने कहा कि नगर निगम चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस विधायक जल्दबाजी में शिलान्यास कर रहे हैं, केंद्र सरकार द्वारा सीवरेज व्यवस्था के लिए 127 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए, किंतु कांग्रेस सरकार साढ़े तीन वर्षों तक कार्य प्रारंभ नहीं कर पाई। अब चुनाव नजदीक आते ही जल्दबाजी में कार्य शुरू कर पुराने कार्यों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे जनता के कर का दुरुपयोग हो रहा है।
भाजपा नेता ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पालमपुर में कूड़ा संयंत्र लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है और गंदगी का वातावरण बन रहा है। प्रगति मैदान के आगे बनाई गई पार्किंग को भी उन्होंने अव्यवस्थित और जनहित के विपरीत बताया।
कपूर ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए 432 घर स्वीकृत किए, किंतु नगर निगम पांच वर्षों में भी उन्हें पूर्ण नहीं कर पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा स्थापित सोलर लाइटों में से लगभग 80% खराब हो चुकी हैं, और उन्हें ठीक करने के बजाय कई स्थानों पर अनावश्यक रूप से नई लाइटें लगाई गई हैं, जब बनूरी क्षेत्र में सोलर लाइट खराब होने पर भाजपा पार्षद मोनिका शर्मा द्वारा अधिकारियों को मरम्मत के निर्देश दिए गए, किंतु कांग्रेस नेताओं ने कार्य में बाधा उत्पन्न की।
कपूर ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अंतर्गत 22 सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण लगभग 14-14 लाख रुपये की लागत से किया गया, किंतु वर्तमान में एक भी शौचालय उपयोग के योग्य नहीं है, इसके अतिरिक्त, सब्जी मंडी में लगाया गया लगभग 20 लाख रुपये का कांटा हाल ही में मात्र 50 हजार रुपये में कबाड़ के रूप में बेच दिया गया।
कपूर ने कहा कि मैन्युअल टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से सौरभ वन बिहार क्षेत्र में डीसी लैंड पर बनी पार्किंग का ठेका कांग्रेस से जुड़े लोगों को दिया गया। वहीं, नगर निगम में हाल ही में कांग्रेस विधायक ने जिस पार्किंग का भूमि पूजन किया , वह पहले भी तीन बार हो चुका है।
कपूर ने कहा कि एसडीएम कार्यालय के नीचे निर्माणाधीन पार्किंग पिछले चार वर्षों से अधूरी पड़ी है और प्रशासन की नजरों के सामने होने के बावजूद उसमें कोई प्रगति नहीं हुई।
अंत में कपूर ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले घोषणाएं कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पालमपुर की जागरूक जनता इन मुद्दों का जवाब आगामी चुनावों में अवश्य देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा एक व्यापक मास्टर प्लान के साथ नगर निगम चुनाव में उतरेगी, जिसमें अंडरपास, फ्लाईओवर, आधुनिक रेन शेल्टर, सार्वजनिक शौचालय, पार्क, ग्राउंड और फुटपाथ जैसी सुविधाओं के माध्यम से पालमपुर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें