अखिल भारतीय वालमीकि महासभा के प्रस्तावों को सिरे चढ़ाएगा आयोग- गिल
अखिल भारतीय वालमीकि महासभा के प्रस्तावों को सिरे चढ़ाएगा आयोग- गिल
अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल हुए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष
कहा- सफाई कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार तथा उत्थान के लिए प्रयासरत है आयोग
पालमपुर
पालमपुर में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय वालमीकि महासभा के अधिवेशन में पास किए गए प्रस्तावों को सिरे चढ़ाने के लिए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग तत्परता से कार्य करेगा। सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए पास किए गए प्रस्तावों को केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने यह बात कही।
वह पालमपुर में चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में महासभा के अधिवेशन के दूसरे और अंतिम दिन बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों का समाधान आयोग का कर्तव्य है और इन मुद्ददों से संबंधित समाधान तलाशकर उनको संबंधित कर्मियों का कल्याण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इससे पूर्व उन्होंने नगर निगम पालमपुर सहित उपमडल प्रशासन के साथ सफाई कर्मचारियों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न दिशा निर्देश भी जारी किए। नगर निगम पालमपुर प्रशासन को निर्देश जारी करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए। इसमें उनसे संबंधित योजनाओं को विस्तार से कर्मियों तक पहुंचाया जाए।
हरदीप सिंह गिल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच तय समय पर की जाए। सफाई कर्मचारियों के पहचान कार्ड बनाए जाएं जिसमें रक्त ग्रुप भी दर्शाया गया हो। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को प्रदान की जाने वाली सुरक्षा किट और उपकरण तथा यंत्र भी कर्मियों को प्रदान करना, उनका प्रयोग करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को कार्य के दौरान दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं पर अधिकारियों से फीड बैक भी लिया।
गिल ने एमएस एक्ट 2013 के प्रावधानों को प्रभावी तौर पर लागू करने के निर्देश भी प्रशासन को दिए। उन्होंने नमस्ते (नेशनल सफाई कर्मचारी फाइनेंस एंड डेवेल्मेंट कॉरपोरेशन) पोर्टल के माध्यम से सफाई कर्मचारियों के कल्याण को सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। संबंधित अधिकारियों को ठेकेदारों के तहत कार्य कर रहे विभिन्न सफाई कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाएं अक्षरश: सुनिश्चित करने की बात भी उन्होंने कही। साथ ही इस संबंध में जल्द विभिन्न बैठकें आयोजित करने और इससे संबंधित रिपोर्ट एक माह के भीतर आयोग को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन के साथ आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती, एसडीएम डॉ. ओपी यादव सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा महासभा के अधिवेशन के दौरान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल राजा, महासचिव सीताराम, महासचिव राकेश गिल, हिमाचल इकाई के अध्यक्ष दीपक लाहौरवी सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें