उपायुक्त ने की नागरिक सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न तैयारियों की समीक्षा के लिए आय़ोजित बैठक की अध्यक्षता

 उपायुक्त ने की नागरिक सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न तैयारियों की समीक्षा के लिए आय़ोजित बैठक की अध्यक्षता

· आपात स्थिति में विभागों को सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के दिए निर्देश


· ब्लैकआऊट की स्थिति में शांति एवं धैर्य बनाए रखें आमजन, निर्देशों का करें पालन

मंडी उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज यहां युद्ध जैसी स्थिति में नागरिक सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में विभिन्न विभागों व जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आपसी समन्वय सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक आऊट की स्थिति में प्रयोग किए जाने वाले सायरनों की जांच इत्यादि सुनिश्चित करने तथा सभी वैकल्पिक संचार माध्यमों को तैयार रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति में आग जैसी घटनाओं से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों का समुचित भंडारण तथा चिकित्सकों सहित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को भी खाद्यान्न की उपलब्धता, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत विपणन केंद्रों में समय रहते आपूर्ति सुनिश्चत करने तथा किसी भी वस्तु की जमाखोरी पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त संबंधित विभागों को पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा। पंचायतीराज विभाग एवं शहरी निकायों को निर्देश दिए कि वे सरकार व प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी होने वाले परामर्श को पंचायत व वार्ड स्तर तक पहुंचाएं एवं इस बारे में लोगों को जागरूक करें। आपदा मित्रों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें भी प्रशिक्षित कर उनका सहयोग सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने कानून-व्यवस्था तथा नागरिक सुरक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार सहित नागरिक सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने आम लोगों से भी आग्रह किया है कि ब्लैकआऊट की स्थिति में वे शांति एवं धैर्य बनाए रखें। घबराएं नहीं और सतर्क हो जाएं। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सायरन बजने पर तुरंत खुले इलाकों से हट जाएं, और किसी सुरक्षित घर व इमारत में शरण लें। यदि आप बाहर हैं तो नजदीकी इमारत में प्रवेश करें और सायरन बजने के 5-10 मिनट के भीतर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का अभ्यास करें। 

क्रैश ब्लैकआऊट में सभी लाईटें बंद कर दें। घर की खिड़कियों रोशनदानों और दरवाजों को काले कपड़े या अन्य सामग्री से ढकें, ताकि कोई रोशनी बाहर न जाए। घर में मेज इत्यादि के नीचे बैठें। यात्रा में हों तो गाड़ी किनारे कर इसकी लाइट्स बंद कर दें। बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को प्राथमिकता दें। बुजुर्गों औऱ विशेष जरूरत वाले लोगों (दिव्यांगों) की सहायता करें। सुरक्षित जगह ले जाएं। अगर आप के आस-पास कोई घायल व्यक्ति है, तो उसकी जानकारी प्रशासन को दें। सहायता मिलने तक प्राथमिक उपचार यदि उपलब्ध हो, तो उसे देने का प्रयास करें। 

उन्होंने आग्रह किया कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। आम लोग स्थानीय प्रशासन, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और पुलिस का सहयोग करें। मोबाइल एवं रेडियो पर सरकारी अलर्ट सुनें। सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही इन्हें प्रसारित करें। केवल अधिकारिक संदेशों का ही अनुसरण करें।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इंदौरा में गरबा एवं डांडिया नाइट का भव्य आयोजन

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ की नई प्रधानाचार्य गगनदीप कौर नै

फतेहपुर के युवा रजत शर्मा ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, UPSC संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में केमिस्ट ग्रुप 'A' में देशभर में प्रथम स्थान

केंद्रीय कर्मचारियों को दीपावली से पहले मिला बड़ा तोहफा

सुनेट में पसरा मातम: हरियाणा में सड़क हादसे ने छीना विधवा मां का इकलौता सहारा

हटली जंबाला पंचायत बनी ‘चिट्टा मुक्त नूरपुर, नशा मुक्त नूरपुर’ अभियान की 16वीं पंचायत

4.48 ग्राम चिट्टे के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, शाहपुर थाना क्षेत्र का मामला

चोरीशुदा वाहन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

नए जिले बनाने हेतु आयोग का गठन, देहरा, नूरपुर, रामपुर का दावा मजबूत

पंजाब में हड़ताल के चलते एचआरटीसी के 22 बस रूट हुए प्रभावित