सेरलाखाबू स्कूल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत किशोरी मेले का आयोजन, 100 से अधिक बच्चों ने लिया भाग
सेरलाखाबू स्कूल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत किशोरी मेले का आयोजन, 100 से अधिक बच्चों ने लिया भाग
रिवालसर : अजय सूर्या /
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेरलाखाबू में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत किशोरी मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में लगभग 100 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी (एसडीएम) बल्ह स्मृतिका नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को ट्रैकसूट और जूते वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर बालिकाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे कार्यक्रम का माहौल जीवंत हो गया।
मेले में मोटे अनाज (मिलेट्स) पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बच्चों और उपस्थित लोगों को पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा बच्चों के लिए रस्साकशी, लंगड़ी टांग और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक एवं प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
इस कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी रिवालसर वृत्त वंदना शर्मा, पर्यवेक्षक कुसुम लता एवं सुमित्रा, स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य प्रकाश चंद, टीजीटी आर्ट्स ओम प्रकाश, मोरध्वज शास्त्री, पूर्व उपप्रधान यादविंदर शर्मा तथा एसएमसी प्रधान कमल देव सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. पारुल और डॉ. पुष्प लता ने भी भाग लिया। डॉ. पारुल ने बच्चों को ‘वो दिन योजना’ के बारे में जानकारी दी, जबकि पुलिस कांस्टेबल विजया कुमारी ने बाल विवाह निषेध अधिनियम एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर बच्चों को जागरूक किया।
यह किशोरी मेला बच्चों के सर्वांगीण विकास, जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


कोई टिप्पणी नहीं