कंसा चौक में ज्ञान विज्ञान समिति का 20वाँ खंड स्तरीय सम्मेलन संपन्न, नरेन्द्र सिंह जमवाल बने अध्यक्ष
कंसा चौक में ज्ञान विज्ञान समिति का 20वाँ खंड स्तरीय सम्मेलन संपन्न, नरेन्द्र सिंह जमवाल बने अध्यक्ष
नेरचौक : अजय सूर्या
कंसा चौक प्रांगण में हिमाचल प्रदेश ज्ञान विज्ञान समिति का 20वाँ खंड स्तरीय सम्मेलन राज्य अध्यक्ष ओ.पी. भूरेटा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बल्ह खंड में समिति द्वारा पिछले दो वर्षों के दौरान किए गए विभिन्न कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा कांता शर्मा ने प्रस्तुत किया। उपस्थित सदस्यों ने गत वर्ष के कार्यों और आय-व्यय लेखा का अनुमोदन करते हुए समिति की गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह जमवाल को अध्यक्ष चुना गया। सुमन चौधरी को उपाध्यक्ष, नंदलाल को सचिव तथा मीना, चंपा और ब्रेस्ती को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कांता शर्मा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
सम्मेलन में मंडी साक्षरता समिति से भीम सिंह और सुनीता बिष्ट तथा राष्ट्रीय जन विज्ञान नेटवर्क से जोगिंद्र वालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने समाज में जनचेतना फैलाने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विचार साझा किए।
समिति ने आगामी 7 मार्च 2026 को नशा निवारण के तहत “युवा बचाओ, भविष्य बचाओ” अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत नेरचौक पुलिस पोस्ट से एसडीएम कार्यालय तक सुबह 11:30 बजे विशाल रैली निकाली जाएगी और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समिति ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में रैली में भाग लेकर युवाओं को नशे से बचाने और उनके पुनर्वास के प्रयासों को मजबूत करने की अपील की।
सम्मेलन में समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने समाज के समग्र विकास के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।


कोई टिप्पणी नहीं