पालमपुर साइंस सेंटर के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को मिला नया आयाम
पालमपुर साइंस सेंटर के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को मिला नया आयाम
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ के विद्यार्थियों को हाल ही में पालमपुर साइंस सेंटर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक ज्ञान से अवगत कराना तथा उनकी वैज्ञानिक सोच को विकसित करना था। इस अवसर पर विद्यालय के विज्ञान अध्यापक समरजीत सिंह तथा गणित अध्यापिका सुनीता कुमारी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या अनामिका चौधरी के मार्गदर्शन में यह भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
साइंस सेंटर पहुंचने पर विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रोजेक्ट मॉडल्स का अवलोकन किया। विज्ञान अध्यापक समरजीत सिंह एवं सुनीता कुमारी ने बच्चों को विस्तार से समझाया कि प्रत्येक मॉडल किस सिद्धांत पर आधारित है तथा वह विज्ञान की किस शाखा से संबंधित है। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल भाषा में मॉडल्स के कार्य करने की प्रक्रिया और उनके महत्व के बारे में जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों में भी भाग लिया। अध्यापकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने स्वयं प्रयोग कर विज्ञान के सिद्धांतों को समझा। साइंस सेंटर में बच्चों ने तारामंडल (प्लैनेटेरियम) का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें अंतरिक्ष और ग्रह-नक्षत्रों के बारे में रोचक जानकारी मिली। साथ ही विद्यार्थियों ने 3-डी शो का आनंद लिया, जिससे उनकी जिज्ञासा और भी बढ़ी।
विद्यार्थियों ने साइंस पार्क में भी विभिन्न उपकरणों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को खेल-खेल में समझा और भरपूर आनंद लिया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अनामिका चौधरी ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं तथा उन्हें नई दिशाओं में सोचने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अध्यापकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दी !


कोई टिप्पणी नहीं