एचआरटीसी पेंशनरों का फूटा गुस्सा: लंबित एरियर व मेडिकल बिलों के भुगतान को लेकर आंदोलन की चेतावनी - Smachar

Header Ads

Breaking News

एचआरटीसी पेंशनरों का फूटा गुस्सा: लंबित एरियर व मेडिकल बिलों के भुगतान को लेकर आंदोलन की चेतावनी

 एचआरटीसी पेंशनरों का फूटा गुस्सा: लंबित एरियर व मेडिकल बिलों के भुगतान को लेकर आंदोलन की चेतावनी


चंबा : जितेन्द्र खन्ना /

हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन चम्बा इकाई की मासिक बैठक बुधवार को शाहनवाज खान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों के वित्तीय लाभों में देरी और सरकार के उदासीन रवैये को लेकर गहरा रोष प्रकट किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान कुलदीप कुमार और जिला अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि सरकार और प्रबंधन पेंशनरों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। 70 वर्ष से अधिक आयु के अन्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 2016 के नए वेतनमान का एरियर मिल चुका है, लेकिन एचआरटीसी पेंशनर अभी भी इससे वंचित हैं। निगम के नियमित कर्मचारियों को 3 प्रतिशत डी.ए. दिया जा चुका है, जबकि पेंशनरों को यह लाभ देने में आनाकानी की जा रही है। पिछले 3 वर्षों से लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान नहीं किया गया है, जो बुजुर्गों के साथ घोर अन्याय है। इस मौके पर जिला महासचिव ओम प्रकाश शर्मा ने वित्त विभाग और वित्त आयोग के हालिया निर्देशों पर चिंता जताते हुए कहा कि एचआरटीसी को ग्रांट-इन-एड बंद करना तर्कसंगत नहीं होगा। उन्होंने तर्क दिया कि निगम सरकार की नीतियों और विभिन्न वर्गों को दी जा रही मुफ्त/रियायती यात्रा सुविधाओं के कारण घाटे में है। निजी रूटों के आवंटन से निगम की आय प्रभावित हुई है। एचआरटीसी का मूल मंत्र सजग साधना सविनय सेवा है, जिसे लाभ-हानि के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। संगठन ने सरकार और प्रबंधन के समक्ष अपनी स्पष्ट मांग रखी है कि 

हर महीने की पहली तारीख को पेंशन का भुगतान सुनिश्चित हो।

3 वर्षों से लंबित मेडिकल बिलों का तुरंत भुगतान किया जाए और 2016 के वेतनमान का एरियर सभी पेंशनरों को जल्द दिया जाए। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते इन मांगों का निवारण नहीं किया गया, तो प्रदेश कार्यकारिणी के नेतृत्व में एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बैठक में मनोहर लाल, उत्तम सिंह, महेश नाथ, दूनी चंद, ओम प्रकाश, सुरेश चंद्र, सुरेश कुमार, चैन लाल, दिलीप सिंह, प्रकाश चंद सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं