चम्बा प्रोग्रेसिव काउंसिल की मासिक बैठक आज लक्ष्मण क्लब चम्बा में आयोजित की गई। - Smachar

Header Ads

Breaking News

चम्बा प्रोग्रेसिव काउंसिल की मासिक बैठक आज लक्ष्मण क्लब चम्बा में आयोजित की गई।

 चम्बा प्रोग्रेसिव काउंसिल की मासिक बैठक आज लक्ष्मण क्लब चम्बा में आयोजित की गई। 


चंबा : जितेन्द्र खन्ना /

बैठक की अध्यक्षता काउंसिल के अध्यक्ष ई. चंद्र सहगल ने की। इस दौरान काउंसिल के सदस्यों ने शहर की ज्वलंत समस्याओं और जिले के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों पर विस्तार से चर्चा की। काउंसिल ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर प्रशासन, नगर परिषद और व्यापार मंडल की हालिया संयुक्त कार्रवाई की सराहना तो की, लेकिन शहर की स्थिति फिर से जस की तस होने पर गहरा रोष भी जताया। सदस्यों ने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या वह कार्रवाई मात्र एक 'फिल्म की शूटिंग' या जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए थी? काउंसिल ने प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए पूछा कि क्या प्रशासन वास्तव में अतिक्रमणकारियों पर नकेल कसने के लिए गंभीर है।

बैठक में पूर्व विधायक पवन नैय्यर द्वारा प्रस्तावित वेंडिंग जोन की पहल पर लगे 'स्टे' पर चिंता व्यक्त की गई। काउंसिल ने प्रशासन से इस मामले में उचित कदम उठाकर स्थाई समाधान निकालने की मांग की और आम जनता से भी सहयोग की अपील की। काउंसिल ने राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन द्वारा सदन में उठाई गई मांग का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने पठानकोट- चम्बा- पांगी- लेह सड़क को राष्ट्रीय उच्च मार्ग घोषित करने और सुरंगों के माध्यम से जोड़ने की मांग को सराहनीय बताया। सदस्यों ने कहा कि इससे चम्बा और पठानकोट के बीच की दूरी कम होगी। सामरिक दृष्टि से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और चम्बा 'आकांक्षी' जिले के ठप्पे से मुक्त होगा। पांगी घाटी साल भर जिला मुख्यालय से जुड़ी रहेगी। इस दौरान काउंसिल ने चम्बा में लंबे समय से लंबित पासपोर्ट कार्यालय खोलने की मांग को एक बार फिर दोहराया। इसके साथ ही, चम्बा- खज्जियार सड़क पर जान-माल की सुरक्षा के लिए तुरंत क्रैश बैरियर लगाने की मांग की गई ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त मेजर श्रीचंद नैय्यर, प्रवीण पुरी, मुकेश कंपानी, सहित कई अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं