हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति सदर खंड इकाई सम्मेलन संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति सदर खंड इकाई सम्मेलन संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन
मंडी : अजय सूर्या /
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की सदर खंड इकाई का सम्मेलन आज साक्षरता भवन, सौली खड्ड, मंडी में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता खंड इकाई अध्यक्षा श्रीमती भावना रावत ने की, जिन्होंने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों एवं अतिथियों का स्वागत किया।
सम्मेलन का उद्घाटन जिला कमेटी सदस्या रीना शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं संगठन की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। जिला सचिव गजेंदर शर्मा ने संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. एन. आर. ठाकुर ने सम्मेलन को शुभकामनाएं दीं और संगठन के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने साक्षरता अभियान, बेटी बचाओ अभियान, खेती बचाओ अभियान तथा स्वच्छता अभियान जैसे पूर्व अभियानों की सराहना की। साथ ही उन्होंने “युवा बचाओ, भविष्य बचाओ” नशा मुक्ति अभियान को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया और नशे की रोकथाम में महिलाओं की अहम भूमिका पर जोर दिया। गांव-गांव में महिलाओं की नशा मुक्ति निगरानी समितियां गठित करने पर भी चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष ललित शर्मा ने 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 7 मार्च को मंडी में महिलाओं द्वारा नशे के खिलाफ विशाल पैदल यात्रा निकालने का आह्वान किया।
सम्मेलन में खंड सहसचिव विनय कुमारी ने पिछले दो वर्षों की सांगठनिक गतिविधियों एवं अभियानों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सम्मेलन के दौरान 21 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। भावना रावत को अध्यक्षा, नर्वदा देवी को उपाध्यक्षा, विनय कुमारी को सचिव, अनिता देवी, चिंता कुमारी एवं मीना कुमारी को सहसचिव तथा पवना शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त रणजीत सिंह, सीता देवी, शकुंतला, नीरा, सत्या, आशा, पल्लवी, जसविंदर सहित अन्य सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया।
सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने, सामाजिक अभियानों को गति देने और नशा मुक्ति के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।


कोई टिप्पणी नहीं