राजकीय महाविद्यालय रिवालसर में सड़क सुरक्षा एवं नशा उन्मूलन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजकीय महाविद्यालय रिवालसर में सड़क सुरक्षा एवं नशा उन्मूलन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रिवालसर : अजय सूर्या /
राजकीय महाविद्यालय रिवालसर के रोड सेफ्टी क्लब द्वारा “सड़क सुरक्षा एवं नशा उन्मूलन” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. ब्रज नंदन ने की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. ब्रज नंदन ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर रोड सेफ्टी क्लब द्वारा निबंध लेखन एवं भाषण (डिक्लेमेशन) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में 15 तथा भाषण प्रतियोगिता में 7 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भाषण प्रतियोगिता में बी.ए. तृतीय वर्ष की इंदिरा देवी ने प्रथम, बी.ए. द्वितीय वर्ष की अंजना शर्मा ने द्वितीय तथा बी.कॉम. तृतीय वर्ष के प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रो. अंजली परमार, प्रो. यश पाल, प्रो. कुलदीप कुमार, प्रो. रमनीक शर्मा, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष श्री खेम चंद तथा जे.ओ.ए. पुष्प राज शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।


कोई टिप्पणी नहीं