नेरचौक में स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ किसान सभा का विरोध, योजना तत्काल बंद करने की मांग - Smachar

Header Ads

Breaking News

नेरचौक में स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ किसान सभा का विरोध, योजना तत्काल बंद करने की मांग

 नेरचौक में स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ किसान सभा का विरोध, योजना तत्काल बंद करने की मांग


नेरचौक : अजय सूर्या /

स्मार्ट मीटर योजना के तहत बिजली के प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में आज नेरचौक में आयोजित जागरूकता शिविर के दौरान हिमाचल किसान सभा ने कड़ा विरोध दर्ज किया। यह शिविर बिजली बोर्ड के अधिकारियों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सवाल उठाए।

किसान सभा बल्ह इकाई के उपाध्यक्ष परसराम ने सवाल किया कि 8–10 हजार रुपये की मीटर लागत क्या आगामी वर्षों में उपभोक्ताओं से वसूली जाएगी, जबकि मौजूदा मीटर लगभग 500 रुपये की लागत में सही रीडिंग दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 2500 करोड़ रुपये की स्मार्ट मीटरिंग योजना का आर्थिक भार अंततः बिजली बिलों के माध्यम से आम जनता पर डाला जाएगा।

महिला समिति की ओर से कांता शर्मा ने बिजली अधिनियम 2003 की धारा 47(5) का हवाला देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से पूर्व सहमति नहीं ली जा रही है और जुर्माने की चेतावनी दी जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि स्मार्ट मीटर लागू होने से कर्मचारियों की संख्या घटेगी और युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे।

किसान सभा के उपाध्यक्ष जोगिंदर वालिया ने कहा कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं की बिजली उपयोग संबंधी निजी जानकारी कंपनियों के पास जाएगी, जिससे गोपनीयता और सुरक्षा पर खतरा हो सकता है। उन्होंने इसे बिजली क्षेत्र के निजीकरण की दिशा में कदम बताते हुए इसका विरोध करने की बात कही।

बैठक में पूर्व पेंशनर कमेटी रिवालसर के अध्यक्ष दौलत राम, सचिव सतिंदर वर्मा, किसान सभा के प्रतिनिधि हेमराज, रामजी तथा हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति बल्ह से पूर्व अध्यक्ष जसवंत कौर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

किसान सभा ने स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल बंद करने की मांग दोहराई।

कोई टिप्पणी नहीं