सिद्ध बाबा शिब्बो थान मंदिर में भक्ति और सेवा के संगम के साथ मनाई गई महाशिवरात्रि
सिद्ध बाबा शिब्बो थान मंदिर में भक्ति और सेवा के संगम के साथ मनाई गई महाशिवरात्रि
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
उपमंडल ज्वाली की पंचायत भरमाड़ स्थित पावन धाम सिद्ध बाबा शिब्बो थान मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज के गांवों और क्षेत्रों से श्रद्धालु बाबा शिब्बो थान के दर्शन करने पहुंचे और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे वातावरण में “हर-हर महादेव” और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही।
इस पावन अवसर पर महन्त शशि कपूर ने दूध और फलों का विशाल स्तर पर लंगर लगाया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। वहीं एसआई महन्त रविन्द्र नाथ भोला द्वारा फलाहारी लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें आलू-गोभी की सब्जी का वितरण किया गया। महन्त सुनील कुमार, महन्त अंकुश कुमार, महन्त मंणी, महन्त रामकृष्ण, महन्त विकू सहित अन्य सेवकों ने गाजर के हलवे का लंगर लगाकर संगतों की सेवा की।
मंदिर परिसर में सजे लंगरों ने श्रद्धालुओं के मन को आनंद और तृप्ति से भर दिया। सेवा में जुटे महन्त राम प्रकाश ज्योतिष, महन्त रामकृष्ण तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों ने तन-मन-धन से योगदान दिया। पूरे दिन भक्ति, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला।
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर सिद्ध बाबा शिब्बो थान मंदिर एक बार फिर आस्था, एकता और सेवा का केंद्र बनकर श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा स्रोत बना।


कोई टिप्पणी नहीं