भरमाड़ स्कूल की छात्राओं को एसबीआई ने भेंट की 50 साइकिलें, सीएसआर के तहत पहल ! - Smachar

Header Ads

Breaking News

भरमाड़ स्कूल की छात्राओं को एसबीआई ने भेंट की 50 साइकिलें, सीएसआर के तहत पहल !

 भरमाड़ स्कूल की छात्राओं को एसबीआई ने भेंट की 50 साइकिलें, सीएसआर के तहत पहल !


ज्वाली : राजेश कतनौरिया /

ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ में आज भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 50 साइकिलें छात्राओं को भेंट की गईं। यह साइकिलें बैंक की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत वितरित की गईं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक ऊना अंकित गर्ग, एचआर मैनेजर अमित धीमान, एसबीआई भरमाड़ शाखा के प्रबंधक मधुर चौधरी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक अंकित गर्ग ने कहा कि छात्र-छात्राओं को एसबीआई में बचत खाता अवश्य खुलवाना चाहिए, क्योंकि आज के समय में बैंक खाता होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में केवल दो स्कूलों का चयन किया गया था—एक जिला कांगड़ा का भरमाड़ स्कूल और दूसरा सोलन जिला में।

जब विद्यालय में साइकिल वितरण के दौरान छात्राओं के नाम पुकारे जा रहे थे, तो जिनका नाम आ रहा था, उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। छात्राओं मुस्कान, सजीवना, श्रुति चौधरी, अंशिका, प्राची धीमान, विशाली, सिमरन देवी, रूशका शर्मा, मनमीत कौर, स्मृति, महक तमन्ना, रितिका, सुनंदा, राधिका व अदिति ने बताया कि उनके घर स्कूल से काफी दूर हैं। कई बार वे देर से पहुंचती थीं और उन्हें डांट भी पड़ती थी। अब साइकिल मिलने से वे समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी।

एसएमसी कमेटी के प्रधान अनिल कतनौरिया और छात्राओं के अभिभावकों ने इस सराहनीय पहल के लिए स्टेट बैंक का आभार व्यक्त किया।

इस कार्य को गति देने वाले अध्यापक सिमरजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने बैंक के एक उच्च अधिकारी से संपर्क कर छात्राओं की समस्या से अवगत कराया था। काफी समय तक पत्राचार के बाद आज यह प्रयास सफल हुआ और छात्राओं को साइकिलें मिल सकीं। उन्होंने संबंधित अधिकारी का विशेष धन्यवाद किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य अनामिका चौधरी ने कहा कि साइकिल वितरण की यह पहल अत्यंत प्रशंसनीय है। प्रदेश में केवल दो विद्यालयों का चयन हुआ था, जिनमें उनके विद्यालय का नाम शामिल होना गर्व की बात है। उन्होंने भी भारतीय स्टेट बैंक का आभार प्रकट किया।


कोई टिप्पणी नहीं