भून्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुबई भागने की फिराक में आरोपी IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार
भून्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुबई भागने की फिराक में आरोपी IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार
दिनांक 29.01.2026 को पुलिस थाना भून्तर में धारा 21 एवं 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था । उक्त मामले में दो आरोपियों गुरवेन्द्र (22 वर्ष) निवासी जिला संगरूर (पंजाब) तथा हरमन सिंह (22 वर्ष) निवासी जिला संगरूर (पंजाब) के कब्जे से 29 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था ।
अन्वेषण के दौरान आरोपियों से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि बरामद हेरोइन/चिट्टा उन्होंने पुनीत कुमार उर्फ पैरी (26 वर्ष) निवासी रामपुरा जवाहरवाला, तहसील लहरागागा, जिला संगरूर (पंजाब) से ₹31,500/- में खरीदी थी ।
उक्त खुलासे के आधार पर आरोपी पुनीत कुमार उर्फ पैरी की तलाश की गई, जो अपने निवास स्थान से फरार पाया गया । विश्वसनीय सूचना के आधार पर उसके विदेश भागने की आशंका के चलते उसके विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया ।
दिनांक 19.02.2026 को आरोपी को Indira Gandhi International Airport (IGIA), नई दिल्ली में इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा दुबई जाने के प्रयास के दौरान रोक लिया गया । तत्पश्चात उसे पुलिस थाना भून्तर लाकर पूछताछ की गई । पर्याप्त साक्ष्य एवं संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को दिनांक 20.02.2026 को धारा 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत विधिवत गिरफ्तार किया गया ।
आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है । मामले में आगामी अन्वेषण जारी है ।
जिला पुलिस कुल्लू आमजन से अपील करती है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ।


कोई टिप्पणी नहीं