धर्मशाला कॉलेज की छात्रा तनवी भट्ट ने रचा इतिहास, प्रथम सेमेस्टर में ही यूजीसी-नेट उत्तीर्ण
धर्मशाला कॉलेज की छात्रा तनवी भट्ट ने रचा इतिहास, प्रथम सेमेस्टर में ही यूजीसी-नेट उत्तीर्ण
धर्मशाला कालेज की छात्रा ओर पालमपुर हल्के की निवासी तनवी भट्ट द्वारा शैक्षणिक उपलब्धि में रचे इतिहास पर पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने दी बधाई :- धर्मशाला कालेज की छात्रा ओर पालमपुर विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्रांम पंचायत बल्ला की निवासी कुमारी तनवी भट्ट सुपुत्री बरडू राम भट्ट ने बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि हासिल कर प्रथम सेमेस्टर में NET की परीक्षा उत्तीर्ण कर धर्मशाला कालेज का इतिहास रच दिया है। पालमपुर के पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने कहा यह अत्यंत गौरव और ऐतिहासिक क्षण है कि कॉलेज की प्रथम सेमेस्टर में अध्ययनरत एक छात्रा ने अंग्रेज़ी विषय में यूजीसी-नेट (NET) परीक्षा अपने पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर कालेज , हल्के , पंचायत में ही नहीं अपितु पूरे हिमाचल प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा सामान्यतः यह परीक्षा परास्नातक के अंतिम चरण के बाद दी जाती है, ऐसे में प्रथम सेमेस्टर की छात्रा द्वारा यह उपलब्धि हासिल करना तमाम छात्रवृन्द के लिए सीख एवं प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है। पूर्व विधायक ने कहा कॉलेज प्रशासन के अनुसार, संस्थान के इतिहास में यह पहली बार है जब प्रथम सेमेस्टर की किसी छात्रा ने अंग्रेज़ी विषय में नेट परीक्षा उत्तीर्ण की हो। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश पठानियां ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, समर्पण और स्पष्ट लक्ष्य का परिणाम है। उन्होंने इसे कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन की उपलब्धि भी बताया। वहीं अंग्रेज़ी विभाग के अध्यक्ष डा नरेश शर्मा ने भी छात्रा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने बताया कि निरंतर परिश्रम और सही दिशा-निर्देशन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अपनी सफलता का श्रेय देते हुए छात्रा तनवी ने कहा कि यह उपलब्धि उसके माता-पिता के आशीर्वाद, कॉलेज के समस्त प्राध्यापकों के मार्गदर्शन और विशेष रूप से प्रोफेसर हर्ष गुलेरिया की प्रेरणा का परिणाम है। छात्रा ने बताया कि प्रोफेसर हर्ष गुलेरिया ने उन्हें परीक्षा में बैठने के लिए प्रेरित किया, आत्मविश्वास बढ़ाया और निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया।


कोई टिप्पणी नहीं