जल शक्ति विभाग की बिल अदायगी रोक पर संगठनों ने मांगा स्पष्टीकरण, ज्ञापन सौंपा - Smachar

Header Ads

Breaking News

जल शक्ति विभाग की बिल अदायगी रोक पर संगठनों ने मांगा स्पष्टीकरण, ज्ञापन सौंपा

 जल शक्ति विभाग की बिल अदायगी रोक पर संगठनों ने मांगा स्पष्टीकरण, ज्ञापन सौंपा


चंबा : जितेन्द्र खन्ना /

जिला चम्बा के जागरूक नागरिकों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जल शक्ति विभाग द्वारा बीते कई महीनों से रोके गए पानी व सीवरेज बिलों के भुगतान को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। संगठनों के प्रतिनिधियों ने आज जल शक्ति विभाग मंडल चम्बा के सहायक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा है। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2025 में विभाग द्वारा पानी और सीवरेज के बिलों में भारी वृद्धि की गई थी, जिसके साथ ही जल मीटर लगाना अनिवार्य कर दिया गया था। इस निर्णय का जिले भर में कड़ा विरोध हुआ था। सितंबर 2025 के बाद विभाग ने अचानक बिलों की अदायगी की प्रक्रिया को बंद कर दिया, जिससे उपभोक्ता असमंजस में हैं। उन्होंने कहा कि आखिर किस आधार पर बिलों का भुगतान स्वीकार करना बंद किया गया है, विभाग इसका उत्तर दे। यह भी स्पष्ट किया जाए कि क्या यह रोक कुछ समय के लिए है या फिर हमेशा के लिए लगाई गई है। प्रदेश सरकार भविष्य में निःशुल्क जल आपूर्ति जैसी किसी नई नीति पर विचार कर रही है तो जल्द ही लोगों को स्पष्ट करे। वक्ताओं ने कहा कि लोगों में यह डर है कि भविष्य में विभाग कई महीनों का बिल एक साथ थोप सकता है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। उपभोक्ता बार- बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिल रहा है। न तो कोई लिखित सूचना जारी की गई है और न ही कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण।

विभाग की यह रहस्यमयी चुप्पी जनहित में नहीं है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि विभाग जल्द जल्द स्थिति स्पष्ट करे।

कोई टिप्पणी नहीं