राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ में विज्ञान–गणित मॉडल प्रदर्शनी आयोजित
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ में विज्ञान–गणित मॉडल प्रदर्शनी आयोजित
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ में आज 19 फरवरी को समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में संचालित राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जूनियर, सीनियर एवं सीनियर सेकेंडरी विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान एवं गणित विषयों की भव्य मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने नवाचारी एवं रचनात्मक मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में भौतिक विज्ञान विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों ने एयर प्यूरीफायर, हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट, विद्युत सुचालक एवं कुचालक, सोलर सिस्टम, पवन ऊर्जा, इलेक्ट्रोमैग्नेट, न्यूटन के गति नियमों तथा वर्षा जल संचयन जैसे कार्यशील एवं शिक्षाप्रद मॉडल प्रस्तुत किए।
रसायन विज्ञान में विद्यार्थियों ने अम्ल, क्षार एवं लवण की पहचान, पीएच स्केल का प्रदर्शन, ऑक्सीजन एवं कार्बन डाइऑक्साइड गैस के निर्माण, जल शुद्धिकरण प्रक्रिया, क्रिस्टलीकरण, रासायनिक अभिक्रियाओं के प्रकार, साबुन निर्माण तथा धातु एवं अधातु के गुणों से संबंधित आकर्षक प्रयोग और मॉडल प्रदर्शित किए।
जीव विज्ञान विषय में कार्यशील हृदय मॉडल, किडनी डायलिसिस मॉडल, मानव श्वसन तंत्र, पाचन तंत्र, डीएनए संरचना, प्रकाश संश्लेषण प्रक्रिया, मानव मस्तिष्क तथा रक्त परिसंचरण तंत्र के मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
गणित विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों ने त्रिकोणमिति के सिद्धांत, पायथागोरस प्रमेय, क्षेत्रफल एवं आयतन, ज्यामितीय आकृतियाँ तथा घन एवं घनाभ से संबंधित मॉडल प्रस्तुत कर गणित को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अनामिका चौधरी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों तथा माननीय निदेशक, शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर गणित प्रवक्ता यशपाल सिंह, रसायन विज्ञान प्रवक्ता सुशील कुमार, जीव विज्ञान प्रवक्ता अंजना देवी, भौतिक विज्ञान प्रवक्ता रविंदर कुमार, विज्ञान अध्यापक समरजीत सिंह तथा गणित अध्यापिका सुनीता कुमारी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
अंत में विद्यालय के सभी संकायों के अध्यापकों ने मॉडलों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई।


कोई टिप्पणी नहीं