बरौर में युवक की संदिग्ध मौत से तनाव, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया - Smachar

Header Ads

Breaking News

बरौर में युवक की संदिग्ध मौत से तनाव, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

 बरौर में युवक की संदिग्ध मौत से तनाव, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया


चंबा : जितेन्द्र खन्ना /

ग्राम पंचायत बरौर में युवक की संदिग्धावस्था में ढांक से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार पुत्र प्रकाश चंद वासी गांव छमैरी के तौर पर की गई है। पुलिस ने शव का मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। शनिवार सवेरे फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा करके साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया निपटाई।

इसी बीच मृतक के परिजनों ने ग्रामीणों संग मेडिकल कालेज में युवक की मौत को हत्या करार देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया है। परिजनों व ग्रामीणों का आरोप था कि युवक की हत्या कर इसे हादसे का रूप देने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि इलाके में सडक निर्माण के विवाद के चलते ही युवक की हत्या की गई है। इस दौरान परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज न होने तक शव को घर न ले जाने की बात कहकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी आरंभ कर दी। इसके चलते कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण होकर रह गया।

इसके बाद परिजन ग्रामीणों संग सदर थाना पहंुचकर धरने पर बैठ गए। मामले की गंभीरता को भांपते हुए एसडीएम सदर प्रियांशु खाती और एएसपी चंबा दिनेश कुमार ने सदर थाना पहंुचकर परिजनों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान मृतक के पिता ने पुलिस को सौंपे शिकायत पत्र में छमैरी गांव के कुछेक लोगों पर बेटे की हत्या का शक जाहिर किया है। एसडीएम व एएसपी ने परिजनों को युवक की मौत की निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए नामजद आरोपियों से कडी पूछताछ की बात कही। इसके बाद ही परिजनों व ग्रामीण धरना से हटे। पुलिस ने शिकायत मंे नामजद चार आरोपियों को पूछताछ के लिए सदर थाना मंे तलब किया है।

जानकारी के अनुसार छमैरी गांव का सोनू कुमार गत रात रोजाना की भांति अपना टिप्पर खडा करके घर की ओर लौट रहा था। इसी बीच अचानक सोनू कुमार को ढांक से नीचे पानी में गिरा पाया, जबकि मोबाइल सडक पर पडा मिला। इसकी सूचना तुरंत परिजनों को दी गई। परिजनों ने तुरंत रिश्तेदारों के सहयोग से अचेतावस्था में सोनू कुमार को उठाकर उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कालेज पहंुचाया। जहां चिकित्सक ने सोनू कुमार को मृत घोषित करार दे दिया। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस को सौंपे शिकायत पत्र में मृतक के पिता प्रकाश चंद ने शक जाहिर किया है कि उसके बेटे की हत्या करके ढांक से नीेच गिराया गया है।

उधर, एएसपी चंबा दिनेश कुमार ने कहा कि युवक की मौत की हरेक एंगल से जांच की जाएगी। जांच में परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं