कलेहड़ी गांव में पानी के टैंक में गिरा तेंदुआ, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू
कलेहड़ी गांव में पानी के टैंक में गिरा तेंदुआ, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू
रिवालसर : अजय सूर्या /
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के रिवालसर उपतहसील के दुर्गापुर क्षेत्र की दूसरा खाबू पंचायत के कलेहड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ पानी के टैंक में गिर गया। स्थानीय लोगों ने टैंक में तेंदुए को देखा तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग के कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर तेंदुए को टैंक से बाहर निकाला।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ संभवतः पानी पीने के दौरान फिसलकर टैंक में गिर गया था। टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल की ओर छोड़ दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल रहा, लेकिन तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें