इंदौरा कॉलेज में वार्षिक समारोह, विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
इंदौरा कॉलेज में वार्षिक समारोह, विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर प्रदेश के इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी शिक्षण संस्थानों को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षण संस्थानों की संख्या बढ़ाने के बजाय उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में इंदौरा लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौरा क्षेत्र के तीन विद्यालयों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा, गंगथ स्कूल तथा ठाकुरद्वारा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे।
विधायक ने कहा कि राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी, उस समय कॉलेज में केवल 53 विद्यार्थी थे, जबकि आज लगभग 800 विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विकास में कॉलेज छात्र संघ ,ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन तथा अभिभावक-शिक्षक संघ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि वर्ष 2024 में इंदौरा उत्सव की शुरुआत स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। इस उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस मंच पर राष्ट्रीय कलाकार प्रस्तुति दे रहे थे, उसी मंच पर क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों और गायकों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।विधायक ने कहा कि कॉलेज में छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में लगभग दोगुनी है , जो इस बात का संकेत है कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और भविष्य में क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सामाजिक कार्यों में भी आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र से चिट्टे जैसे घातक नशे को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक जन अभियान चलाया जाएगा और समाज के सहयोग से इस बुराई को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम में आगे आकर सहयोग देने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन की मांगों को विशेषकर शिक्षकों के रिक्त पदों जैसी मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें