आलमपुर क्षेत्र में 10 बिस्तर का आयुर्वेद अस्पताल बनाने के लिए सरकार प्रयासरत : यादविंद्र गोमा
आलमपुर क्षेत्र में 10 बिस्तर का आयुर्वेद अस्पताल बनाने के लिए सरकार प्रयासरत : यादविंद्र गोमा
आलमपुर
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आलमपुर में आयुष विभाग द्वारा आयुष मेला आयोजित किया गया। इसमें आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आलमपुर क्षेत्र में 10 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल को सिरे चढ़ाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों तक पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को सशक्त रूप से पहुंचाना है।
मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि आयुष विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे आयुष मेले लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विभाग की योजनाओं और सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में इस तरह के मेले आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्रों में ही स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर तक इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिल रहा है। लोग इन मेलों में निशुल्क स्वास्थ्य जांच करवा रहे हैं और उन्हें मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आयुष विभाग द्वारा आलमपुर क्षेत्र में इस मेले के सफल आयोजन के लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए धन्यवाद भी व्यक्त किया।
मंत्री ने आलमपुर क्षेत्र में उनके प्रयासों द्वारा उप-तहसील का दर्जा मिलने पर लोगों को प्राप्त होने वाली सुविधाओं का जिक्र भी किया।
इससे पहले मंत्री यादविंद्र गोमा ने भगवान धनवंतरी के पूजन और स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम के साथ मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया। मेले के दौरान लोगों को जैविक खाद तथा औषधीय पौधों का वितरण किया गया। मंत्री ने स्वयं भी लोगों को औषधीय पौधे वितरित किए और उन्हें आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आयुष मेले में करीब 70 लोगों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाया तथा उन्हें निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। इसके अलावा लोगों को आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों, औषधीय पौधों और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. वृजनंदन शर्मा, उपमंडलीय आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा, बीसीसी पूर्व अध्यक्ष जसवंत डडवाल, स्थानीय कांग्रेस नेता सुरेंद्र राणा, सिकंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें