एचआरटीसी पेंशनरों को समय पर पेंशन न मिलने पर रोष, सरकार से जल्द समाधान की मांग
एचआरटीसी पेंशनरों को समय पर पेंशन न मिलने पर रोष, सरकार से जल्द समाधान की मांग
हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन चम्बा इकाई की मासिक बैठक आज मुख्य सलाहकार उत्तम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निगम के पेंशनरों को समय पर वित्तीय लाभ और पेंशन न मिलने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। संगठन के अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि सरकार और प्रबंधन से बार-बार लिखित व मौखिक आग्रह के बावजूद पेंशनरों को महीने की पहली तारीख को पेंशन नहीं मिल रही है। स्थिति यह है कि महीने के अंत में भी भुगतान बड़ी मुश्किल से हो रहा है, जिससे बुजुर्गों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। महासचिव ओम प्रकाश ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया कि अन्य विभागों के 70 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनरों को 2016 के नए वेतनमान का एरियर मिल चुका है, लेकिन एचआरटीसी पेंशनरों को इससे वंचित रखा गया है। नियमित कर्मचारियों को 4 प्रतिशत डी.ए. काफी पहले दे दिया गया है, लेकिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ भेदभाव करते हुए इसे अभी तक जारी नहीं किया गया है। उपाध्यक्ष शाहनवाज खान ने कहा कि पिछले 3 वर्षों से मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं हुआ है। कई पेंशनर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और आर्थिक तंगी के कारण इलाज कराने में असमर्थ हैं। प्रधान कुलदीप कुमार और अन्य पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार और निगम प्रबंधन ने समय रहते इन उचित मांगों पर विचार नहीं किया, तो आने वाले दिनों में संगठन एक बड़ा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में उत्तम सिंह, मनोहर लाल, ओम प्रकाश, प्रकाश चंद, देशराज, देवराज, कुलदीप कुमार, शाहनवाज खान, कुमान सिंह, सुरेश चंद्र, सुरेश कुमार, चैन, इन्दर सिंह, राजकुमार, साहब चंद, बीना गुप्ता, कौशल्या देवी, रीता देवी, कांता देवी सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें