सुगभटोली कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
सुगभटोली कॉलेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर प्रदेश के विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय महाविद्यालय सुगभटोली के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि संत बाबा फकीर चंद जी के प्रयासों से इस क्षेत्र में कॉलेज की स्थापना संभव हो सकी, जिससे शिक्षा की लौ प्रज्वलित हुई। उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में इस कॉलेज की स्थापना हुई थी तथा 6 अगस्त 2016 को प्रदेश सरकार ने इस कॉलेज को अपने अधीन ले लिया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सरकार द्वारा 100 से कम विद्यार्थियों वाले कॉलेजों को बंद करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को इस कॉलेज के महत्व और इसके लिए किए गए वर्षों के प्रयासों से अवगत कराया। इसके बाद सरकार ने उस अधिसूचना को वापस लेते हुए कॉलेज को जारी रखने का निर्णय लिया, जिसके परिणामस्वरूप आज 112 विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जी तथा शिक्षा मंत्री के प्रयासों से प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है और सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से शिक्षकों के रिक्त पदों की सूची उपलब्ध करवाने के लिए कहा, ताकि उन्हें सरकार के समक्ष उठाकर जल्द भरवाया जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में परिवहन सुविधा की कमी को देखते आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बस चलाने के प्रयास किये जाएंगे जिससे विद्यार्थियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि चंगराड़ा से वाया मकडोली–रैहन सड़क लगभग 12.5 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है, जबकि टप्पा से चंगराड़ा सड़क का निर्माण भी लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है और यह कार्य शीघ्र पूरा हो जाएगा।उन्होंने कहा कि सुगभटोली वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करवाने तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी जायेगी। विधायक मलेंद्र राजन ने कॉलेज में आईसीटी लैब के लिए पांच कंप्यूटरों की मांग तथा कॉलेज भवन की मरम्मत की मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
विधायक मलेंद्र राजन ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि वे जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भाग लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि कांगरेड़ी पंचायत में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद गंगवाल रास्ते के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और यह कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कॉलेज के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थितजनों ने खूब सराहा। इससे पूर्व कॉलेज के प्राचार्य ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दवेंद्र मनकोटिया, पूर्व प्रधान जरम सिंह ठाकुर, सुशील शर्मा, पूर्व प्रधान कुलबीर चंबयाल, पूर्व उपप्रधान सुनील ठाकुर, पूर्व प्रधान अनीता शर्मा, संतोष शास्त्री, आँचल सिंह, शाम लाल, वीर सिंह, रोहित ठाकुर, रजत शर्मा, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नमेश कुमार तथा पीटीए अध्यक्ष सीमा देवी सहित गणमान्य लोग, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें