सदर विधायक नीरज नैय्यर ने बहु मंजिला पार्किंग और चौगान का किया निरीक्षण
सदर विधायक नीरज नैय्यर ने बहु मंजिला पार्किंग और चौगान का किया निरीक्षण
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चम्बा सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने चम्बा शहर की ज्वलंत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए कमर कस ली है। आज उन्होंने पुराने बस अड्डे, चौगान और परिधि गृह के समीप प्रस्तावित परियोजनाओं का निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों को बड़ी सौगातें देने का वादा किया। सर्वप्रथम विधायक ने पुराने बस अड्डे पर प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। इसके उपरांत उन्होंने ऐतिहासिक चौगान में पहुंचकर सौंदर्यीकरण के कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर परिषद के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। विधायक ने परिधि गृह परिसर के समीप प्रस्तावित पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर विधायक नीरज नैय्यर ने चम्बा वासियों को बधाई देते हुए कहा कि शहर की वर्षों पुरानी पार्किंग की समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है। पुराने बस अड्डे में यह चार मंजिला आधुनिक पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। पुरानी बिल्डिंग को तोड़ने का काम शुरू हो गया है, जो अगले 15 से 20 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य अगले एक से डेढ़ साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि परिधि गृह के ठीक सामने तीन मंजिला पार्किंग बनाने का प्रस्ताव है। मिट्टी परीक्षण की रिपोर्ट आ चुकी है। स्ट्रक्चर डिजाइन के लिए मामले को धर्मशाला भेजा गया है। यदि सभी दस्तावेजी प्रक्रियाएं समय पर पूरी होती हैं, तो इसका शिलान्यास भी जल्द करवाया जाएगा। विधायक ने कहा कि चौगान में म्यूजिकल लाइट्स लगाने का काम प्रगति पर है। वर्तमान में 10 खंभे लगाए गए हैं और आगे इसे विस्तारित करने की योजना है। चौगान में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की भी योजना है। इससे स्थानीय बच्चों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विधायक ने स्पष्ट किया कि चौगान के मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ या कंक्रीटिंग नहीं की जाएगी, बल्कि मौजूदा ढांचे को ही मजबूत और सुंदर बनाया जाएगा।
विधायक ने यह भी बताया कि 18 तारीख से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान वे मुख्यमंत्री से इन परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता की मांग करेंगे। इस मौके पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल, अधिशासी अभियंता जोगिंदर शर्मा, नगर परिषद की कनिष्ठ अभियंता नितिका ठाकुर सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें