अंकुश ने नहीं छोड़ी शराब, दो बेटियों के साथ फंदे पर लटककर की आत्महत्या, रोज की कलह से थी परेशान
अंतरजातीय विवाह करने वाली रुकमणी उर्फ रिया उर्फ सोनी अपने पति अंकुश की लत से हार गई और बेटियों के साथ फंदे पर लटककर जीवन लीला समाप्त कर ली। खांजापुर में शराब को लेकर परिवार में कलह शुरु हुई। घर में रोजाना विवाद रहने लगा।
ह्दय विदारक घटना से पड़ोसी भी हैरान हैं। मृतका पिछले 15 दिन से घर के पास ही टीशू पेपर बनाने वाली फैक्टरी में काम पर जा रही थी।
मुजफ्फरनगर में लंबे समय से रह रही रुकमणी की मामी ने यह विवाह कराया था। अंकुश पीनना से घर बेचकर खांजापुर में आकर रहने लगा। संभल जिले के चंदौसी की रहने वाली रुकमणी भारद्वाज का विवाह आठ साल पहले पीनना गांव के रहने वाले अंकुश चौधरी के साथ हुआ था।
मां ओमवीरी शहर में परचून की दुकान और अंकुश पेपर मिल में मजदूरी करता था। जिंदगी हंसी-खुशी गुजर रही थी। मृतका के भाई अर्जुन भारद्वाज का कहना है कि उसकी बहन पति की शराब पीने की आदत से परेशान थी। दो बेटियां हो गईं, रोज घर में शराब को लेकर विवाद रहता था। बृहस्पतिवार को खुद उन्होंने अंकुश को कॉल कर समझाया था। लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि रुकमणी ऐसा कदम उठा लेगी।
पड़ोस में रहने वाली रीना देवी और उनका बेटा सिद्धार्थ प्रकरण के बाद बेहद दुखी हैं। रीना देवी बताती है कि दोनों बच्चे दिन में अधिकांश तौर पर उनके घर आकर खेलते थे। खांजापुर में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद पीनना में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुलिस की सुरक्षा के बीच अंकुश भी मौजूद रहा।
मृतका के पति अंकुश ने कहा कि वह बृहस्पतिवार दोपहर में ड्यूटी गया था। उसकी मां भी काम पर गई थी। दोनों रात में घर पहुंचे थे। उन्हें घर का गेट बंद मिला था। घर की खिड़की से झांककर भी देखा था, लेकिन कुछ दिखाई नहीं दिया। तब वे दोनों पड़ोसी सिद्धार्थ के घर जाकर खाना खाकर सो गए थे। सुबह के समय उसने फिर से खिड़की की जाली से झांका तो पत्नी व दोनों बेटियों को फंदे पर लटका पाया। उसने शराब के किसी प्रकार के विवाद से भी इनकार किया।
पुलिस को मौके से एक पॉलिथीन में रस्सी का टुकड़ा मिला है। तीनों के गले में बराबर रस्सी का फंदा लगा था। आधी रस्सी पॉलीथिन में रखी मिली। बराबर में कुर्सी व उसके ऊपर प्लास्टिक की पटरी रखी थी। इससे कयास लगाया जा रहा है कि कुर्सी के ऊपर चढ़कर महिला फंदे पर झूली थी। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने कहा कि महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ आत्महत्या की है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
मृतका की बहन सीमा पुरकाजी के गांव तुगलकपुर कम्हेडा से अपने रिश्तेदार अमित के साथ शहर कोतवाली पहुंची। उन्होंने बताया कि उसकी बहन की शादी 2016 में हुई थी। अंकुश शराब पीता था। उसकी बहन उसे रोकती थी। इसी बात पर विवाद चला आ रहा था। उसकी बहन ने उन्हें बताया था। पिछले दो दिन से ज्यादा विवाद था। बुधवार को उनकी बात हुई थी। उसके दो भाई अर्जुन व हरबीर राजस्थान में निर्माणाधीन घरों में पीओपी का काम करते हैं। सीमा ने बताया कि तीन बहनों में रुकमणी सबसे छोटी थी। उसकी एक बहन नीतू है।
कोई टिप्पणी नहीं