कांग्रेस सरकार का 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा ने सरकार के विरुद्ध खोला मोर्चा
कांग्रेस सरकार का 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा ने सरकार के विरुद्ध खोला मोर्चा
( चम्बा : जितेन्द्र खन्ना )
चम्बा : कांग्रेस सरकार का 2 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा ने सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। कीड़ी गांव में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जय सिंह की अगुवाई में बुधवार को आक्रोश रैली निकाली गई। इस रैली में सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की गई। जय सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार बीते 2 वर्षों के कार्यकाल में हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। कांग्रेस सरकार ने केवल लोगों को ठगने का ही कार्य किया है। अब तो प्रदेश के लोगों को भी समझ आ गया है कि वह ठगे गए हैं। चाहे महिलाओं को 15-15 सौ रूपए देने की बात हो, युवाओं को रोजगार देने की बात हो या फिर गोबर और दूध खरीदने की बात हो, हर मोर्चे पर केवल कांग्रेस नेताओं ने लोगों से झूठ ही कहा है। यह सरकार केवल झूठ की गारंटीयों पर ही टिकी हुई है। बीते दो वर्षों में सरकार ने हरेक वर्ग को प्रताड़ित ही किया है। लिहाजा अब यह सवाल उठने लगा है कि सरकार जश्न किस बात का मान रही है। उन्होंने कहा कि जश्न मनाने के स्थान पर कांग्रेसियों को आत्म मंथन करना चाहिए कि अगले 3 वर्षों में उन्हें ऐसा क्या करना चाहिए जिससे सरकार की छवि लोगों में बेहतर हो। कांग्रेस सरकार के इन कार्यों की वज़ह से लोगों का लोकतंत्र से विश्वास उठने लगा है। कांग्रेस राज में हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार, खनन और नशा माफिया का राज चरम पर है। कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। अब सरकार के नुमाइंदों को जनता के समक्ष बीते 2 वर्षों का हिसाब रखना ही होगा। बहरहाल, एक ओर कांग्रेस सरकार जश्न मना रही हीं तो वहीं दूसरी ओर भाजपा सड़कों पर उतर आई है।
कोई टिप्पणी नहीं