कमलेश ठाकुर ने किया बिलासपुर पंचायत का दौरा, मौके पर किया लोगों की समस्याओं का समाधान - Smachar

Header Ads

Breaking News

कमलेश ठाकुर ने किया बिलासपुर पंचायत का दौरा, मौके पर किया लोगों की समस्याओं का समाधान

 कमलेश ठाकुर ने किया बिलासपुर पंचायत का दौरा, मौके पर किया लोगों की समस्याओं का समाधान

कहा.....जनभागीदारी से ही क्षेत्र का समग्र और सतत विकास संभव


देहरा 

देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने आज बिलासपुर पंचायत के गांव जलख का दौरा किया।

इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया व शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए ।

जन सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने वाला देहरा क्षेत्र आज विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी नई पहचान बना रहा है। 


उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क व बिजली तथा अन्य अधोसंरचना के क्षेत्र में निरंतर और प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम आज स्पष्ट रूप से दिखाई देने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि देहरा में हो रहा विकास केवल वर्तमान आवश्यकताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, सशक्त और उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध ढंग से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में समान रूप से विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन, पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से क्रियान्वित की जा रही हैं।

उन्होंने क्षेत्र में किया जा रहे विकासात्मक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि हरिपुर से सकरी - घेरा सड़क निर्माण के लिए लगभग 10 करोड रुपए की धनराशि की प्रशासनिक मंजूरी करवाई गई है ,जिसमें लगभग 4 करोड़ का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष कार्य जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा इसी क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों के लिए 55 लाख रूपए की धनराशि स्वीकृत करवा दी गई। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर सकारात्मक विचार रखते हुए सभी जायज मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पठानकोट से बद्दी वाया नगरोटा सूरियां व देहरा से होकर जाने वाली बस सुविधा को पुन: बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

विधायक ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही क्षेत्र का समग्र और सतत विकास संभव है।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग राजेश धीमान, अधिशासी अभियंता विद्युत बालेश शर्मा, सहायक अभियंता विद्युत बोर्ड अरविंद धीमान, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग गुरबचन सिंह,निदेशक दि कांगड़ा राज्य सहकारी बैंक चौधरी सुनील कश्यप, स्थानीय प्रधान रीना, पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र ठाकुर, पूर्व महासचिव सचिव इन्द्रजीत शर्मा सहित पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय व गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं