भरमौर की अंजू वाला राष्ट्रीय शैक्षिक सम्मेलन में हिमाचल का करेंगी प्रतिनिधित्व
भरमौर की अंजू वाला राष्ट्रीय शैक्षिक सम्मेलन में हिमाचल का करेंगी प्रतिनिधित्व
भरमौर : जितेन्द्र खन्ना /
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमौर की प्रधानाचार्या अंजू वाला के चयन से विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग एवं संपूर्ण भरमौर क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण है। अंजू वाला का चयन “सफल स्कूल नेतृत्व पर राष्ट्रीय सम्मेलन: विकसित भारत@2047 के लिए अभिनव रास्ते” में हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधि के रूप में किया गया है।
यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन 17 से 19 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से चयनित शिक्षाविद्, विद्यालय प्रमुख एवं शिक्षा नेतृत्वकर्ता भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य सफल विद्यालय नेतृत्व, शैक्षिक नवाचार तथा विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में शिक्षा की भूमिका पर गहन मंथन करना है।
उल्लेखनीय है कि अंजू वाला को उनके पूर्व में किए गए उत्कृष्ट शैक्षिक कार्यों एवं प्रभावी नेतृत्व क्षमता के लिए नेशनल आइकन अवार्ड तथा देश रत्न अवार्ड जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वे भरमौर जैसे जनजातीय क्षेत्र में पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं आध्यात्मिक चेतना के साथ शिक्षा सेवाएँ प्रदान कर रही हैं, जो क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं।
उनके नेतृत्व में विद्यालय में न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि वैज्ञानिक सोच, नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
विद्यालय परिवार, भरमौर क्षेत्र एवं जनजातीय समाज ने श्रीमती अंजू वाला को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे राष्ट्रीय मंच पर अपने विद्यालय, भरमौर क्षेत्र, जनजातीय समाज तथा हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।


कोई टिप्पणी नहीं