RTO ने अपनी ही गाड़ी का काटा चालान
RTO ने अपनी ही गाड़ी का काटा चालान
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आर.टी.ओ.) सोना चंदेल ने न सिर्फ अपने सरकारी वाहन का चालान काटा, बल्कि नियम तोड़ने पर अपने ही परिवार के एक सदस्य की स्कूटी पर भी जुर्माना लगाकर साफ संदेश दिया कि कानून सबके लिए समान है।
जानकारी के अनुसार यह मामला 20 दिसम्बर 2025 का है। आर.टी.ओ. सोना चंदेल उस दिन कालाअंब क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच पर निकली थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि बैरियर पर तैनात स्टाफ भी निजी वाहनों का उपयोग कर रहा था। जांच के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से वाहनों के दस्तावेजों को लेकर सवाल किया। सभी ने दस्तावेजों के सही होने की बात कही, लेकिन इसी बीच एक कर्मचारी ने हिम्मत जुटाकर धीमी आवाज में यह कह दिया कि मैडम, आपके सरकारी वाहन का प्रदूषण प्रमाण पत्र (पी.यू.सी.) एक्सपायर हो चुका है। यह सुन मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।
ऐसे मामलों में जहां आमतौर पर लोग मामले को नजरअंदाज कर देते हैं, वहीं आर.टी.ओ. ने बिना किसी संकोच के अपने ही सरकारी वाहन का 500 रुपए का चालान काट दिया। इतना ही नहीं मौके पर ही वाहन का वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र भी बनवाया गया। बता दें कि आर.टी.ओ. सोना चंदेल इससे पहले भी अपनों पर कानून का शिकंजा कस चुकी है। 27 मई 2025 को हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अभियान के दौरान उनके परिवार के एक सदस्य की स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं पाई गई। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, उन्होंने बिना किसी रियायत के 3,000 रुपए का चालान काट दिया।


कोई टिप्पणी नहीं