बतैल स्कूल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क बनी दुर्घटनाओं का कारण
बतैल स्कूल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क बनी दुर्घटनाओं का कारण
डंगा व पेरापिट न लगने से जनता में रोष, शीघ्र कार्रवाई की मांग
सरकाघाट (मंडी) : अजय सूर्या /
उपमंडल सरकाघाट के अंतर्गत टिकरी, हवाणी, बनलोहारडी, रोपा ठाठर व बतैल को जोड़ने वाली सड़क पर बतैल स्कूल के समीप क्षतिग्रस्त मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। इस स्थान पर बार-बार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते वर्ष बरसात के दौरान लगभग 150 मीटर नीचे लहासा गिरने से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। उसी बरसात में यहां एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बावजूद सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्य नहीं किए गए। 31 दिसंबर 2025 को एक बार फिर इसी स्थान पर दुर्घटना होने से लोगों में भय का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर डंगा लगाया जाना है, वहां कार्य अधूरा पड़ा है। संबंधित ठेकेदारों के बीच कार्य आवंटन की स्थिति के चलते डंगा निर्माण में देरी हो रही है, जिससे लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की नियमित मरम्मत भी नहीं की जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं। रोपा ठाठर गांव में नाली पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे पानी सड़क पर बह रहा है और सड़क की हालत और अधिक खराब हो रही है। इससे छोटे वाहनों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय जनता भाग सिंह, नंदलाल, रत्न चंद, टेक चंद, कुलदीप सिंह, चेत सिंह ठाकुर, राजीव, विक्की, संजय कुमार, जय कुमार सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह से मांग की है कि क्षतिग्रस्त स्थान पर डंगा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, डंगे के ऊपर पेरापिट का निर्माण करवाया जाए, सड़क की तत्काल मरम्मत की जाए तथा बंद पड़ी नालियों की सफाई करवाई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
इस संबंध में सहायक अभियंता बलद्वाड़ा भूपेंद्र पाल ने बताया कि इस सड़क का एक टेंडर लगाया गया था, जिससे आधा कार्य पूरा हो चुका है। दूसरा टेंडर किसी कारणवश रद्द हो गया था, लेकिन अब पुनः टेंडर लगाया जा रहा है और कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं