रिवालसर में जल आपूर्ति बाधित होने पर एसडीएम बल्ह की अध्यक्षता में आपात बैठक, पानी की सप्लाई बहाल
रिवालसर में जल आपूर्ति बाधित होने पर एसडीएम बल्ह की अध्यक्षता में आपात बैठक, पानी की सप्लाई बहाल
रिवालसर : अजय सूर्या /
रिवालसर शहर में पिछले कुछ समय से पानी की आपूर्ति में आ रही बाधा को लेकर एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी की अध्यक्षता में रिवालसर उपतहसील कार्यालय में एक अत्यावश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में प्रभावित जल आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करना था।
बैठक में नायब तहसीलदार रिवालसर कृष्ण चंद शर्मा, एसडीओ जल शक्ति विभाग राज कुमार तथा एसडीओ विद्युत विभाग चिंतन प्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान बताया गया कि कम वोल्टेज की समस्या के कारण जल उत्थान प्रभावित हो रहा था, जिससे शहर में पानी की नियमित सप्लाई बाधित हो रही थी।
विस्तृत चर्चा के उपरांत एसडीएम बल्ह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जल आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल किया जाए। अधिकारियों ने आपसी समन्वय से समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके परिणामस्वरूप रिवालसर शहर में पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई।
एसडीएम स्मृतिका नेगी ने कहा कि रिवालसर एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां आने वाले महीनों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होती है। इसे ध्यान में रखते हुए जल शक्ति विभाग और विद्युत विभाग को भविष्य में भी नियमित व निरंतर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि आगे ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न नहीं होगी।


कोई टिप्पणी नहीं