चंबा जिला की हर पंचायत में बनेंगे मॉडल लोक मित्र केंद्र
विशेष रूप से अक्षम लोगों के लिए 20 व्हीलचेयर उपायुक्त कार्यालय चंबा पहुंची
चंबा:- जिला चम्बा की हर पंचायत में मॉडल लोक मित्र केंद्र बनाए जा रहे हैं। मॉडल लोक मित्र केंद्र में न केवल विभिन्न आधुनिक सुविधाएं लोगों को मिलेंगी बल्कि विशेष रूप से सक्षम लोगों के लिए केंद्र तक पहुंचने हेतु व्हीलचेयर की व्यवस्था भी होगी। 20 व्हीलचेयर उपायुक्त कार्यालय चम्बा पहुंच गई हैं। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल द्वारा गुरुवार को इन व्हील चेयर्स को चिन्हित आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में कई आवश्यक कार्य लोक मित्र केंद्र के माध्यम से करवाए जा रहे हैं। सभी प्रकार के प्रमाण पत्र जैसे एससी-एसटी, ओबीसी, इनकम सर्टिफिकेट आदि दस्तावेजों के लिए ऑनलाइन ही लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से अप्लाई किया जा रहा है।
इसके अलावा लोकमित्र केंद्र में ज़मीन का पर्चा, मिनी बैंक के रूप में पैसे जमा करवाने व निकालने, नौकरी व अन्य कार्यों के आवेदन करने सहित सभी ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। लिहाजा, जिला चम्बा की सभी 309 पंचायतों में एक- एक मॉडल लोकमित्र केंद्र बनाए जा रहे हैं। इनमें 25-25 हजार रूपए खर्च करके रैंप निर्माण सहित कई आवश्यक कार्य भी करवाए जा रहे हैं।
इस मौके पर लोक मित्र केंद्र के जिला प्रबंधक विकास कुमार और जिला समन्वयक पंकज कुमार भी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं