भाजपा कार्यकर्ताओं पर FIR: बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सुखविंदर सरकार और मंत्री जगत सिंह नेगी पर साधा निशाना
भाजपा कार्यकर्ताओं पर FIR: बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सुखविंदर सरकार और मंत्री जगत सिंह नेगी पर साधा निशाना
नेरचौक : अजय सूर्या /
गोहर उपमंडल के सराज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सोमवार शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार और विशेष रूप से बागवानी, राजस्व एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जगत सिंह नेगी पर जमकर निशाना साधा।
इंद्र सिंह गांधी ने इस एफआईआर को एक "राजनीतिक साजिश" करार देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को हिमाचल की जनता भलीभांति जानती है और हर मुश्किल वक्त में उन्होंने प्रदेश की जनता के साथ खड़े रहकर मदद की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी जिन आरोपों को भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा रहे हैं, वहीं काम कांग्रेस कार्यकर्ता उनके इशारे पर पहले भी कर चुके हैं। इंद्र सिंह गांधी ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी पर काले झंडे दिखाने की घटनाएं भी जगत सिंह नेगी के इशारे पर हुई थीं। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर और जयराम ठाकुर को लाहौल-स्पीति तथा किन्नौर दौरे के दौरान भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए थे।
इंद्र सिंह गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की कि मंत्री जगत सिंह नेगी को तुरंत प्रभाव से पद से हटाया जाए,सराज क्षेत्र के निर्दोष भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर को रद्द किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आगामी 6 अगस्त को मंडी जिले में भाजपा एक विशाल आक्रोश रैली आयोजित करेगी।
कोई टिप्पणी नहीं