प्रसव के बाद गर्भवती की मौत, चम्बा में बना चर्चा का विषय - Smachar

Header Ads

Breaking News

प्रसव के बाद गर्भवती की मौत, चम्बा में बना चर्चा का विषय

प्रसव के बाद गर्भवती की मौत, चम्बा में बना चर्चा का विषय 


( चंबा जितेन्द्र खन्ना ) पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा में प्रसव के बाद एक महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। महिला दूसरे बच्चे के प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाई गई थी। एक दिन पहले ही महिला रोग विभाग के चिकित्सक ने उसका ऑपरेशन करके प्रसव करवाया। महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया लेकिन ऑपरेशन के बाद महिला का रक्त स्राव बंद नहीं हुआ। चिकित्सकों ने उसके रक्त स्राव को बंद करने के लिए भरसक प्रयास किए लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इस मामले में मरीज को समय पर एंबुलेंस ना मिलने की बात सामने आई है। मृतक महिला के परिजनों के अनुसार देर रात जब महिला की हालत ज्यादा खराब हो गई तो उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। महिला को टांडा तक पहुंचाने के लिए वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस की जरूरत थी। लेकिन महिला को मेडिकल कॉलेज चम्बा में एंबुलेंस उपलब्ध ही नहीं हो पाई। परिजन एंबुलेंस के लिए रात को इधर-उधर भटकते रहे। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने एंबुलेंस की अनुपलब्धता होने की बात को नकार दिया है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार महिला की स्थिति नाजुक होने के कारण उसे रेफर करना संभव नहीं था। दुर्भाग्यवश कई कोशिशों के बावजूद महिला को बचाया नहीं जा सका। मेडिकल कॉलेज चम्बा के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि फ़िलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि मरीज की स्थिति नाजुक होने के कारण उसे रेफर नहीं किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश महिला की मौत हो गई। बहरहाल, प्रसव के बाद गर्भवती की मौत का मामला जिला चम्बा में चर्चा का विषय बन गया है।

कोई टिप्पणी नहीं