केंद्र की मोदी सरकार हिमाचल के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध, कांग्रेस कर रही केवल श्रेय की राजनीति : गोविंद सिंह ठाकुर।
केंद्र की मोदी सरकार हिमाचल के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध, कांग्रेस कर रही केवल श्रेय की राजनीति : गोविंद सिंह ठाकुर।
मनाली : ओम बौद्ध /
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार देवभूमि हिमाचल के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्य कर रही है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार और उनके नेता हर बार केवल श्रेय लेने की राजनीति कर जनता को गुमराह करने में लगे हैं।यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मीडिया में जारी व्यान में कही।
उन्होंने कहा कि भुभु जोत सुरंग के लिए 1,831.97 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार करने के निर्देश और जलोड़ी जोत सुरंग के लिए 1,452 करोड़ रुपये की स्वीकृति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की हिमाचल के प्रति सकारात्मक दृष्टि और विकासशील सोच का परिणाम है। ये दोनों परियोजनाएं न केवल हिमाचल की जनता के लिए, बल्कि देश की सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि भुभु जोत सुरंग के निर्माण से कुल्लू-जोगिंद्रनगर की दूरी 50 किमी कम होगी, जिससे सीमावर्ती इलाकों में सेना की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी। साथ ही, इससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह वही सरकार है जिसके नेता सत्ता में आते ही झूठा प्रचार कर रहे थे कि केंद्र की मोदी सरकार हिमाचल के लिए कुछ नहीं कर रही। लेकिन जैसे ही कोई बड़ी योजना या परियोजना हिमाचल के लिए स्वीकृत होती है, यही नेता केंद्र सरकार पर सवाल उठाने की बजाय उसका श्रेय लेने की होड़ में लग जाते हैं।
गोविंद सिंह ठाकुर ने कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विधायक यह बताएं कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, उस समय हिमाचल के लिए कितने प्रोजेक्ट स्वीकृत करवा पाए? सच्चाई यह है कि वे एक भी महत्वपूर्ण परियोजना प्रदेश के लिए नहीं ला सके। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हिमाचल के लिए जो कर रही है, उसके सामने कांग्रेस की प्रदेश सरकार केवल फाइलों और फोटो खिंचवाने तक ही सीमित है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जब प्रदेश प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा था, तब भी केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल की हरसंभव सहायता की। और अब जबकि हिमाचल को दो-दो सुरंगों की ऐतिहासिक सौगात मिली है, कांग्रेस के नेता केंद्र का आभार व्यक्त करने के बजाय सिर्फ दिखावटी राजनीति कर रहे हैं।
पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत ये दोनों ऐतिहासिक योजनाएं प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने इन योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी कुल्लू एवं मंडी की देवतुल्य जनता की तरफ से आभार व्यक्त किया।
कोई टिप्पणी नहीं