जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : मलेंद्र राजन
जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : मलेंद्र राजन
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर प्रदेश के विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के सभागार में उपमंडल स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जमीनी स्तर पर लोगों की शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक तीन माह के बाद उपमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। विधायक ने कहा कि समिति के गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निर्धारित समयावधि में समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा रखे गए मुद्दों और दिए गए सुझावों पर गंभीरता से कार्य करते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श कर ठोस निर्णय लेना है, ताकि कम समय में लोगों की शिकायतों का समाधान हो सके और उन्हें विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। विधायक ने कहा कि अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बिजली और जल शक्ति विभाग को गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां-जहां ड्रेनेज से संबंधित कार्यों की आवश्यकता है, वहां शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।बैठक में एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, ए सी एफ निशांत पराशर, डीएसपी संजीव यादव, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद बलौरिया, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सान्याल, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एमओ डॉ. सुरेश कुमार, एसएचओ इंदौरा आशीष पठानिया, एसएचओ डमटाल विशाल ठाकुर, बीएमओ संदीप महाजन, बीएमओ नूरपुर डॉ. दिलावर, एसडीओ सॉयल विजय ठाकुर, बीईईओ किरण बाला, एसडीओ शाहनहर परमजीत सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, सदस्य सचिव नितिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें