लेदा (बल्ह) में नुक्कड़ जनसभा: पूर्व भाजपा कार्यकर्ता डोलमा भट्ट का छलका दर्द, तीसरे मोर्चे को लेकर दिया बड़ा बयान
लेदा (बल्ह) में नुक्कड़ जनसभा: पूर्व भाजपा कार्यकर्ता डोलमा भट्ट का छलका दर्द, तीसरे मोर्चे को लेकर दिया बड़ा बयान
रिवालसर : अजय सूर्या /
बल्ह विधानसभा क्षेत्र के लेदा में यूजीसी के विरोध में आरडीपी (RDP) के नेता रुमित सिंह ठाकुर द्वारा आयोजित नुक्कड़ जनसभा में उस समय माहौल गरमा गया, जब पूर्व भाजपा कार्यकर्ता डोलमा भट्ट ने मंच से अपना दर्द बयां किया। जनसभा में स्थानीय लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली और विभिन्न मुद्दों को लेकर जमकर राजनीतिक बयानबाजी हुई।
अपने संबोधन में डोलमा भट्ट ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्षों तक पार्टी में कार्य करने के बावजूद उन्हें सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता इन दोनों दलों का “सफाया” कर एक मजबूत तीसरे विकल्प को आगे लाए। उनके इस बयान पर जनसभा में मौजूद लोगों की ओर से भी समर्थन देखने को मिला।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जाती है, जिससे आम कार्यकर्ता खुद को ठगा हुआ महसूस करता है। डोलमा भट्ट ने यह भी संकेत दिए कि अब वह तीसरे मोर्चे के साथ मिलकर क्षेत्र की राजनीति में नई दिशा देने का प्रयास करेंगी।
इस मौके पर आरडीपी के रुमित सिंह ठाकुर ने भी यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि आम जनता के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं।
नुक्कड़ जनसभा के दौरान तीसरे मोर्चे को लेकर जोश और उत्साह देखने को मिला। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यह रुख आगे भी जारी रहा तो क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें