सराज के बगस्याड में दर्दनाक कार हादसा, चालक की मौत
सराज के बगस्याड में दर्दनाक कार हादसा, चालक की मौत
नेरचौक : अजय सूर्या /
मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में एक और दुखद सड़क हादसा सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, गाँव सुनास निवासी 49 वर्षीय नेक राम पुत्र स्वर्गीय शंकर दास की एक कार दुर्घटना में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि नेक राम बीती देर रात बगस्याड से अपनी आल्टो कार (नंबर HP32B0460) में सवार होकर अपने घर सुनास लौट रहे थे। इसी दौरान बगस्याड–शिकावरी सड़क पर आईपीएच रेस्ट हाउस के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की जानकारी सुबह उस समय सामने आई, जब स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क के नीचे एक वाहन गिरा हुआ देखा। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने जांच की, तो कार के अंदर नेक राम मृत अवस्था में पाए गए।
घटना की सूचना तुरंत परिजनों और जंजैहली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें