15 करोड़ छीनकर अब 50 लाख में किया जा रहा पार्षद का सौदा
15 करोड़ छीनकर अब 50 लाख में किया जा रहा पार्षद का सौदा
सीएम के 50 लाख वाले बयान पर पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किया पलटवार
मंडी : अजय सूर्या /
कहा- आचार संहिता में घोषणा करने वाले देश के पहले सीएम बने सुक्खू, कर रहे उल्लंघन
थनेहडा वार्ड में भाजपा प्रत्याशी रजनी शर्मा और खलियार वार्ड में रणवीर सिंह के लिए किया प्रचार मांगे वोट
पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का कहना है कि मंडी से 15 करोड़ सहित अन्य सौगातें छीनने के बाद अब सीएम सुक्खू यहां एक पार्षद का सौदा 50 लाख में करने में लगे हुए हैं। बीती देर शाम को थनेहडा वार्ड और खलियार वार्ड में भाजपा प्रत्याशी रजनी शर्मा और रणवीर सिंह के लिए प्रचार करने पहुंचे जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम सुक्खू आचार संहिता के बीच घोषणा करने वाले देश के पहले सीएम बन गए हैं। यह आचार संहिता का उल्लंघन है। कांग्रेस पार्षद जिताने पर 50 लाख देने की बात कहना एक तरह से सौदेबाजी ही है। मौजूदा सरकार ने मंडी से सबकुछ छीना ही है और ऐसे में अब यहां की जनता उन्हें करारा जबाव देने वाली है। सीएम की कोई भी पैंतरेबाजी काम नहीं आएगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आने वाले समय में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनने वाली है। इसलिए यह जरूरी है कि मंडी में नगर निगम भी भाजपा की ही बने। बड़े कार्यों की शुरूआत हमेशा छोटे से ही होती है इसलिए मंडी नगर निगम पर भाजपा को जिताकर इस कार्य को किया जा सकता है। जयराम ठाकुर ने खलियार की जनता और कार्यकर्ताओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि यहां से प्रत्याशी रणवीर सिंह का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा, ऐसे में जनता से अधिक सहयोग और कार्यकर्ताओं से अधिक मेहनत की उम्मीद है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भाजपा सरकार बनने पर उन्हें बाहर करने का प्रयास किया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें