मंडी में दर्दनाक हादसा: स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा को तेज रफ्तार टैंपो ने मारी टक्कर, मौत
मंडी में दर्दनाक हादसा: स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा को तेज रफ्तार टैंपो ने मारी टक्कर, मौत
मंडी : अजय सूर्या /
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा की छात्रा की जान चली गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोगेंद्रनगर उपमंडल के एहजू क्षेत्र में पेश आया। मृतक छात्रा की पहचान 17 वर्षीय अनु पुत्री पुन्नू राम निवासी बैजनाथ के रूप में हुई है। अनु एहजू स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी और इन दिनों अपने मामा के घर मचकेहड़ में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि अनु गुरुवार सुबह रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंपो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय उसके साथ अन्य स्कूली बच्चे भी मौजूद थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा सड़क पर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद टैंपो चालक घायल छात्रा को तुरंत उपचार के लिए बैजनाथ अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जोगेंद्रनगर सकीनी कपूर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें