पंचायत चुनावों से पहले ग्रामीण सड़कों की मरम्मत की उठी मांग
पंचायत चुनावों से पहले ग्रामीण सड़कों की मरम्मत की उठी मांग
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
जवाली विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत डोल-पधर के पूर्व पंचायत समिति सदस्य साधू राम राणा ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव इसी माह आयोजित होने जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों की कई कच्ची एवं पक्की सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। जगह-जगह ऊबड़-खाबड़ रास्ते, गड्ढे और टूटी-फूटी सड़कें आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशियों को गांव-गांव पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
साधू राम राणा ने कहा कि मतदान के दिन बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं अन्य मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सुचारू यातायात व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान स्थिति में कई ग्रामीण मार्ग सामान्य आवागमन के लिए भी उपयुक्त नहीं दिखाई दे रहे हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया कि आगामी 15 मई से पहले ग्रामीण क्षेत्रों की सभी कच्ची-पक्की सड़कों की मरम्मत कर उन्हें वाहनों के आवागमन के अनुकूल बनाया जाए, ताकि पंचायत चुनावों के दौरान चुनाव प्रचार और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें