खंडहर मकान में बेसहारा नंदी की मौत, बदबू से ग्रामीण परेशान
खंडहर मकान में बेसहारा नंदी की मौत, बदबू से ग्रामीण परेशान
प्रशासन से मृत पशु को तुरंत हटाने की मांग
नेरचौक : अजय सूर्या /
बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत कुम्मी के गांव जोली में एक खंडहर पड़े मकान में बेसहारा नंदी की मौत हो जाने से आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है। पिछले कई दिनों से पड़े मृत नंदी से उठ रही तेज बदबू के कारण स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय बुजुर्ग परस राम ने बताया कि उनके घर के पास स्थित खंडहर मकान से लगातार बदबू आ रही थी। जब उन्होंने आसपास जाकर देखा तो वहां एक बेसहारा नंदी मृत अवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने कहा कि बदबू के कारण परिवार का घर में रहना मुश्किल हो गया है और बीमारी फैलने का डर भी बना हुआ है।
परस राम ने प्रशासन से मांग की है कि मृत पशु को जल्द से जल्द वहां से उठाकर उचित तरीके से दफनाया जाए ताकि क्षेत्र में किसी प्रकार की महामारी या संक्रमण फैलने का खतरा न रहे।
वहीं समाजसेवी जोगिंदर सैनी ने भी प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि गांव में विद्यार्थी और परिवार रहते हैं, ऐसे में मृत पशु से उठ रही दुर्गंध लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान करने की अपील की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें