समाजसेवी विपन कुमार धीमान बने मिसाल, निजी प्रयासों से संकरे रास्तों को बनाया जीप योग्य
समाजसेवी विपन कुमार धीमान बने मिसाल, निजी प्रयासों से संकरे रास्तों को बनाया जीप योग्य
भरमाड़ : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिद्धपुर-घाड़ के वार्ड नंबर 6 स्थित गांव पलाड़ियां तरखान निवासी समाजसेवी विपन कुमार धीमान आज क्षेत्र में समाज सेवा की मिसाल बन चुके हैं। अपने निजी प्रयासों और लोगों के सहयोग से उन्होंने वर्षों पुराने संकरे रास्तों को जीप योग्य बनाकर ग्रामीणों की बड़ी समस्या का समाधान किया है।
विपन कुमार धीमान ने बताया कि गांव के खेतों तक जाने वाले रास्ते पहले केवल पगडंडी जैसे थे, जिनसे एक समय में सिर्फ एक व्यक्ति ही गुजर सकता था। ऐसे में ग्रामीणों को खेतों तक गोबर ले जाने, घास लाने और अन्य कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऊपर से खेतों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए लगाए गए कंटीले तार कई बार लोगों के लिए हादसों का कारण बन जाते थे।
उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले बरसात के दिनों में एक महिला धान की पनीरी लेकर खेतों की ओर जा रही थी। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कंटीली तारों पर गिर पड़ी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस घटना ने विपन कुमार को झकझोर दिया और तभी उन्होंने इस रास्ते को जीप योग्य बनाने का संकल्प लिया।
विपन कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने जमीन मालिकों से बातचीत शुरू की, जिस पर लोगों ने भी पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। इसके बाद सड़क से लेकर श्मशान घाट तक लगभग एक किलोमीटर लंबे रास्ते के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। रास्ते के निर्माण के दौरान विनोद कुमार की गौशाला की दीवार, जितेंद्र कुमार के मकान की चारदीवारी तथा अपनी रसोई की दीवार को पीछे करवाया गया। इसके अलावा बिजली विभाग के एक पोल को भी स्थानांतरित करवाया गया, जिसके बाद रास्ते का निर्माण सुचारु रूप से आगे बढ़ सका।
उन्होंने बताया कि इस कार्य पर अब तक लगभग पांच लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, जिसमें सबसे बड़ा योगदान उन्होंने अपने ट्रैक्टर और निजी संसाधनों से दिया है। आज इस रास्ते से ग्रामीण आसानी से जीप, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के माध्यम से अपने खेतों और मोक्षधाम तक पहुंच पा रहे हैं।
इतना ही नहीं, विपन कुमार ने एक अन्य लगभग दो किलोमीटर लंबे रास्ते के निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया है, जिसे नियाल पुल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस रास्ते का आधा निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि बाकी कार्य जारी है। इस पर अब तक करीब एक लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
विपन कुमार धीमान की समाज सेवा केवल रास्तों तक सीमित नहीं है। वे आसपास के गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के अवसर पर करीब तीन से चार किलोमीटर दूर तक अपने टैंक के माध्यम से निशुल्क पानी भी पहुंचाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में आज तक कई प्रधान आए, लेकिन इन रास्तों के निर्माण के बारे में किसी ने गंभीरता से नहीं सोचा। विपन कुमार धीमान ने अपने प्रयासों से वह कार्य कर दिखाया, जिससे पूरे क्षेत्र को सीधा लाभ मिला है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें